Signal पर साइबर अटैक: डाटा लीक होने का कंपनी का दावा फेल, हैकर के पास पहुंचे यूजर्स के फोन नंबर
Signal पर साइबर अटैक की खबर है और इस अटैक में करीब 1,900 यूजर्स के फोन नंबर के लीक होने की खबर आई है। दरअसल यह साइबर अटैक Twilio Inc पर हुआ है जो कि Signal का वेरिफिकेशन सर्विस प्रोवाइडर है।

विस्तार
व्हाट्सएप की हैकिंग के बाद टेलीग्राम और सिग्नल (Signal) ने बड़े-बड़े दावे किए थे। अब Signal के दावे फेल होते दिख रहे हैं। Signal पर साइबर अटैक की खबर है और इस अटैक में करीब 1,900 यूजर्स के फोन नंबर के लीक होने की खबर आई है। दरअसल यह साइबर अटैक Twilio Inc पर हुआ है जो कि Signal का वेरिफिकेशन सर्विस प्रोवाइडर है।
रिपोर्ट के मुताबिक हैकर के पास वे सभी कोड भी पहुंचे हैं जिनका इस्तेमाल वेरिफिकेशन के लिए होता है, हालांकि मैसेज हिस्ट्री, प्रोफाइल की जानकारी और कॉन्टेक्ट लिस्ट तक हैकर की पहुंच नहीं हुई है। इसका दावा Signal ने अपने एक ब्लॉग में किया है। इस अटैक में हैकर के हाथ 1,900 यूजर्स का डाटा लगा है।
सिग्नल ने इस हैकिंग पर कहा है कि हैकर किसी अन्य डिवाइस से कोड की मदद से किसी के अकाउंट को लॉगिन कर सकता है। इस महीने की शुरुआत में ही हैकिंग की जानकारी मिलने के बाद ट्विलियो ने कहा था कि हैकिंग की जांच में वह सिग्नल की मदद कर रहा है। Twilio Inc के पार्टनर में Ford Motor, Mercado Libre और HSBC जैसी 2,56,000 बिजनेस के नाम शामिल हैं।
हाल ही में चीन में भी बड़ा साइबर अटैक हुआ था जिसमें 48.5 मिलियन कोरोना मरीजों का डाटा लीक हुआ था। इस हैकिंग में शामिल हैकर का यूजरनेम XJP था और उसने हैक किए डाटा को 4,000 डॉलर यानी करीब 3,20,000 रुपये में हैकर फोरम पर बेच दिया।