क्या ChatGPT Go का सस्ता प्लान आपको भी मिल सकता है?: ऐसे चेक करें ऑफर, जानें सब्सक्रिप्शन कैंसिल करने का तरीका

जागृति शुक्ला
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Tue, 10 Nov 2026 09:31 PM IST
सार

चैटजीपीटी गो का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए अच्छी खबर है। ओपनएआई कुछ यूजर्स को खास 'कंटिन्यूएशन ऑफर' दे रहा है। इसके तहत वे तीन बिलिंग साइकिल तक कम कीमत में चैटजीपीटी गो का इस्तेमाल कर सकेंगे। आखिर यह ऑफर किन यूजर्स को मिल सकता है और कैसे पता करें कि यह आपके एप पर उपलब्ध है या नहीं? आइए जानते हैं।

OpenAI Offers Discounted ChatGPT Go Renewal for Eligible Users: How Check Deal
चैटजीपीटी - फोटो : X

    विस्तार

    ओपनएआई के अनुसार, कुछ योग्य यूजर्स को 'कंटिन्यूएशन ऑफर' का लाभ मिल सकता है। इसके तहत वे अधिकतम तीन पेड बिलिंग साइकिल तक कम कीमत पर चैटजीपीटी गो का इस्तेमाल कर सकेंगे। यानी इस दौरान यूजर्स को ऑफर में दिखाई गई कम मासिक कीमत का भुगतान करना होगा। यहां पर एक बात का ध्यान रखें कि इस ऑफर के तहत एक साल का फ्री सब्सक्रिप्शन दोबारा शुरू नहीं होगा। तीन बिलिंग साइकिल पूरी होने के बाद चैटजीपीटी गो सब्सक्रिप्शन सामान्य कीमत यानी 399 रुपये प्रति माह पर अपने आप रिन्यू हो जाएगा। अगर यूजर इस कीमत पर सब्सक्रिप्शन जारी नहीं रखना चाहते, तो उन्हें इसे कैंसिल करना होगा।

    यूजर को कहां मिलेगा चैटजीपीटी गो का ऑफर?

    फिलहाल यह ऑफर चैटजीपीटी की वेबसाइट और एंड्रॉयड एप पर उपलब्ध है। हालांकि, आईफोन यूजर्स को चैटजीपीटी के आईओएस एप पर यह ऑफर नहीं मिलेगा।

    अपने डिवाइस में चैटजीपीटी गो का रिन्यूअल ऑफर कैसे चेक करें?

    अगर आप जानना चाहते हैं कि आपके अकाउंट पर यह ऑफर उपलब्ध है या नहीं, तो इन स्टेप्स को फॉलो करें:

    • सबसे पहले चैटजीपीटी की वेबसाइट या एप खोलें।
    • अपने अकाउंट की सब्सक्रिप्शन सेटिंग्स में जाएं।
    • यहां अपने मौजूदा प्लान और सब्सक्रिप्शन से जुड़ी जानकारी देखें।
    • कुछ यूजर्स को सब्सक्रिप्शन कैंसिल करने या दोबारा गो प्लान पर जाने की कोशिश के दौरान यह ऑफर दिखाई दे सकता है।
    • ऑफर स्वीकार करने से पहले उसकी शर्तें ध्यान से पढ़ें। खास तौर पर कम की गई मासिक कीमत, पहली पेमेंट की तारीख और ऑफर खत्म होने के बाद लागू होने वाली रिन्यूअल फीस जरूर जांच लें।

    चैटजीपीटी गो सब्सक्रिप्शन कैसे कैंसिल करें?

    • अगर आप ऑफर खत्म होने के बाद सामान्य कीमत पर चैटजीपीटी गो का इस्तेमाल नहीं करना चाहते, तो सब्सक्रिप्शन कैंसिल कर सकते हैं। इसके लिए उसी प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करना होगा, जहां से आपने सब्सक्रिप्शन लिया था। यानी चैटजीपीटी की वेबसाइट, गूगल प्ले स्टोर या एपल के जरिए लिए गए सब्सक्रिप्शन को संबंधित प्लेटफॉर्म से ही कैंसिल करना होगा।
    • ओपनएआई के अनुसार, अगले बिलिंग साइकल का शुल्क कटने से बचने के लिए अगली बिलिंग तारीख से कम से कम 24 घंटे पहले सब्सक्रिप्शन कैंसिल कर देना चाहिए।