Ghibli: OpenAI के सीईओ ने शेयर की पीएम मोदी की घिबली-स्टाइल तस्वीरें, प्रधानमंत्री का दिखा 'एनिमे' लुक
MyGovIndia के एक्स हैंडल ने प्रधानमंत्री मोदी की कुछ घिबली तस्वीरें पोस्ट की हैं, जिन्हें OpenAI से सीईओ सैम अल्टमैन ने शेयर किया है। आप भी देखें पीएम मोदी की घिबली स्टाइल तस्वीरें।

विस्तार
PM Modi Ghibli Image:
घिबली स्टाइल में तस्वीरों को बनाने के ट्रेंड में अब MyGovIndia भी शामिल हो गया है। हाल ही में भारत सरकार के MyGovIndia के एक्स हैंडल ने प्रधानमंत्री मोदी की कुछ घिबली तस्वीरें शेयर की थीं, जिन्हें अब OpenAI के सीईओ सैम अल्टमैन ने शेयर करते हुए रिएक्शन दिया है। MyGovIndia के एक्स हैंडल से शेयर किए गए इस पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कई घिबली स्टाइल तस्वीरें शेयर की गई हैं, जिनमें वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों के साथ दिख रहे हैं। इन तस्वीरों में पीएम मोदी की शेर के बच्चों के साथ खेलते हुए और अयोध्या के राम लला मंदिर की तस्वीरें भी शामिल हैं। इसके अलावा, इस पोस्ट के थ्रेड में पीएम मोदी की वंदे भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन की तस्वीरें भी साझा की गई हैं।
सैम अल्टमैन ने इस पोस्ट को शेयर करते हुए भारत का इमोजी कमेंट किया है। इस पोस्ट पर एक्स यूजर्स के कई कमेंट्स भी आ रहे हैं।
बता दें कि OpenAI ने 26 मार्च को चैटजीपीटी के पेड यूजर्स के लिए स्टूडियो घिबली (Studio Ghibli) इमेज जनरेशन फीचर को लॉन्च किया था। शुरूआत में कुछ यूजर्स घिबली तस्वीरों को इंटरनेट और सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे थे। यूजर्स को यह इतना पसंद आया कि यह तेजी से वायरल होने लगा। इसकी लोकप्रियता को देखते हुए चैटजीपीटी ने इसे फ्री यूजर्स के लिए भी खोल दिया।
सैम अल्टमैन के मुताबिक चैटजीपीटी पर घिबली इमेज बनाने के लिए हर घंटे 10 लाख रिक्वेस्ट आ रहे हैं। घिबली इमेज ट्रेंड के वायरल होने के वजह से ChatGPT के सर्वर पर इतना लोड बढ़ गया कि कुछ यूजर्स को एरर दिखने लगा। इसपर अल्टमैन ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा था कि यूजर्स कुछ देर के लिए चैन की सांस लें क्योंकि उनकी टीम के लोगों को नींद की जरूरत है।
सैम अल्टमैन ने यह भी कहा था कि घिबली इमेज बनाने की होड़ में चैटजीपीटी के जीपीयू पर लोड कफी बढ़ गया है। हालांकि, चैटजीपीटी पर कई यूजर्स को अब घिबली इमेज बनाने का रिक्वेस्ट डालते ही "कॉपिराइट पॉलिसी वॉयलेशन" का मैसेज दिखने लगा है, जबकि कई यूजर्स बिना किसी रुकावट के घिबली इमेज बना रहे हैं।
हर घंटे 10 लाख से ज्यादा रिक्वेस्ट
चैटजीपीटी पर घिबली इमेज बनाने के लिए 31 मार्च को हर घंटे 10 लाख से ज्यादा यूजर्स के रिक्वेस्ट आए। इसकी जानकारी खुद सैम अल्टमैन ने अपने एक्स अकाउंट से साझा की। उन्होंने कहा कि यह ChatGPT के 26 महीनों के इतिहास में पहली बार है कि हम यूजर्स की इतनी संख्या देख रहे हैं।