Elon Musk: 'नहीं बिकेगा OpenAI'- बोर्ड ने एलन मस्क को सुनाई खरी-खरी, ठुकराया 97.4 बिलियन डॉलर का ऑफर
OpenAI के बोर्ड ने स्टार्टअप कंपनी को बेचने से इंकार कर दिया है। बोर्ड ने अरबपति बिजनेसमैन एलन मस्क के ऑफर को अस्वीकार करते हुए करते हुए कहा है कि स्टार्टअप बिक्री के लिए तैयार नहीं है और भविष्य में इसे बेचने के लिए किसी भी बोली स्वीकार नहीं होगी।

विस्तार
ChatGPT की पैरेंट कंपनी OpenAI के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने शुक्रवार को अरबपति एलन मस्क के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम की 97.4 बिलियन डॉलर की बोली को खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया कि स्टार्टअप बिक्री के लिए तैयार नहीं है और भविष्य में इसे बेचने के लिए किसी भी बोली स्वीकार नहीं होगी। बता दें कि अरबपति बिजनेसमैन एलन मस्क OpenAI के सह-संस्थापक रह चुके हैं। उन्होंने लगभग एक दशक पहले OpenAI के सीईओ सैम अल्टमैन के साथ मिलकर इसकी स्थापना की थी। हालांकि, ओपनएआई को एक गैर-लाभकारी (non-profit) कंपनी बनाए जाने के बाद, मस्क इससे अलग हो गए थे।
बोर्ड ने किया बेचने से इंकार
बोर्ड की ओर से ओपनएआई के चेयरमैन ब्रेट टेलर के हवाले से एक्स पर कहा गया, "ओपनएआई बिक्री के लिए नहीं है और बोर्ड ने सर्वसम्मति से मस्क के अपने प्रतिद्वंद्वियों को बाधित करने के नए प्रयास को अस्वीकार कर दिया है। ओपनएआई का कोई भी संभावित पुनर्गठन हमारे गैर-लाभकारी संगठन और एजीआई (AGI) से मानवता को लाभ सुनिश्चित करने के इसके मिशन को मजबूत करेगा।"
मस्क के वकील मार्क टोबेरॉफ ने एक बयान में जवाब दिया कि ओपनएआई लाभ कमाने वाले उद्यम का नियंत्रण बिक्री के लिए रख रहा है और कहा कि यह कदम "दान के बजाय इसके कुछ बोर्ड सदस्यों को समृद्ध करेगा।"
ओपनएआई नहीं रहेगी नॉन-प्रॉफिट कंपनी
ओपनएआई बोर्ड ने दिसंबर के अंत में अपनी संरचना में सुधार की योजना की रूपरेखा प्रस्तुत की थी, जिसमें कहा गया था कि वह इसे एक पब्लिक बेनिफिट कंपनी बनाएगी, जिससे कंपनी के लिए कल्पना से अधिक पूंजी जुटाना आसान हो जाएगा। इससे स्टार्टअप पर नॉन-प्रॉफिट कंपनी होने के चलते लगाए गए प्रतिबंध भी हट जाएंगे।
सैम अल्टमैन पहले कर चुके हैं मना
बता दें कि कुछ दिन पहले ही OpenAI के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने एलन मस्क के कंपनी को खरीदने के प्रस्ताव को खारिज कर चुके हैं। उन्होंने उल्टा मस्क को ही X (पहले ट्विटर) खरीदने का ऑफर दे डाला। मस्क को जवाब देते हुए सैम ने कहा, "अगर आप चाहते हैं तो हम ट्विटर को 9.7 अरब डॉलर में जरूर खरीद सकते हैं।" गौरतलब है कि एलन मस्क ने साल 2022 में ही ट्विटर को 44 अरब डॉलर में खरीदा था और बाद में ट्विटर का नाम बदलकर एक्स (X) कर दिया था।
मस्क और सैम अल्टमैन ने मिलकर की थी OpenAI की शुरूआत
बता दें कि साल 2015 में एलन मस्क और सैम ऑल्टमैन ने मिलकर ओपनएआई की शुरूआत की थी। बाद में नेतृत्व को लेकर दोनों के बीच विवाद के वजह से मस्क स्टार्टअप से बाहर हो गए। मस्क ने साल 2018 में ओपनएआई के बोर्ड से इस्तीफा दे दिया था। मस्क ने बीते साल कंपनी पर मुकदमा भी दायर किया था। मस्क का आरोप है कि कंपनी की शुरुआत गैर लाभकारी रिसर्च लैब के रूप में लोगों की भलाई के लिए की गई थी, लेकिन कंपनी अपने उद्देश्य से भटक गई है। एलन मस्क ने ओपनएआई में शुरुआती दौर में करीब 4.5 करोड़ डॉलर का निवेश किया था।