कैश की किल्लत, ओला ने भारत में लांच की क्रेडिट पोस्टपेड सेवा

टैक्सी सर्विस मुहैया कराने वाली ओला ने 'ओला क्रेडिट' पोस्टपेड सेवा फीचर को भारत में लांच कर दिया है। इसके जरिए ग्राहक राइड पूरी होने के बाद अपने बिल का भुगतान कर सकते हैं।
कंपनी ने इस सेवा को केंद्र सरकार के 500-1000 के नोटों के प्रतिबंध के बाद कैश की समस्या से जूझ रहे लोगों की समस्या को देखते हुए श्ाुरू किया है। इसमें ग्राहकों को भुगतान के लिए 7 दिनों की समय दी जाएगी। नेट बैंकिंग, डेबिट या क्रेडिट कार्ड और इंटिग्रेटेड ओला मनी ई-वॉलेट से ग्राहक भुगतान कर सकेंगे।
ओला के चीफ मार्केटिंग अधिकारी और कैटिगरी हेड रघुवेश श्राफ ने बताया कि "ओला कैश की मार झेल रहे ग्राहकों के लिए यह खास ऑफर लाया है, इसके जरिए वह कैशलैस राइड कर सकेंगे और बाद में भुगतान कर सकेंगे।"
फीचर को इस्तेमाल करने का तरीका

आपको बता दें कि कंपनी ग्राहकों की ट्रांसेक्शन हिस्ट्री के आधार पर राइड के लिए क्रेडिट सीमा को तय करेगी। इस फीचर का सबसे ज्यादा फायदा कार्पोरेट सेक्टर में काम करने वाले कर्मचारियों और ओला कैब सेवा का लंबे समय से इस्तेमाल कर रहे रेगुलर ग्राहकों को होगा।
ग्राहक बुकिंग से पहले अपने ओला एप पर 'ओला क्रेडिट' को भुगतान के लिए चुनेंगे। जिसके बाद कैशलेस राइड शुरू हो जाएगी।
ग्राहक राइड का भुगतान 1 हफ्ते के अंदर कर सकते हैं। सात दिनों का यह क्रेडिट साइकिल ग्राहक की पहली क्रेडिट राइड के दिन से ही माना जाएगा।