वेमो की हजारों गाड़ियों का रिकॉल: सॉफ्टवेयर अपडेट के बाद भी नहीं सुधरी ड्राइवरलेस गाड़ियां, क्या आ रही दिक्कत?

जागृति शुक्ला
ऑटो डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Tue, 10 Nov 2026 10:11 AM IST
सार

वेमो की 2,895 कारों की जांच शुरू।

एनएचटीएसए ने रिकॉल जांच शुरू की।

स्कूल बसों के नियम तोड़ने का मामला आया सामने।

पुराने सॉफ्टवेयर अपडेट पर उठे सवाल।

Nearly 2,900 Waymo Robotaxis Under Recall Probe Over School Bus Incidents
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : एआई जनरेटेड

    विस्तार

    अमेरिका में ड्राइवरलेस कारों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अल्फाबेट की सेल्फ ड्राइविंग कार वेमो (Waymo) की करीब 2,895 गाड़ियां जांच के घेरे में आ गई हैं। इसका मामला स्कूल से जुड़ा है। आराेप है कि वेमो की ड्राइवरलेस कारें चमकती लाल बत्तियों और बाहर निकले स्टॉप आर्म के बावजूद स्कूल बसों को पार कर रही थीं। जबकि कंपनी इस समस्या को ठीक करने के लिए पहले ही साॅफ्टवेयर अपडेट जारी कर चुकी है। बावजूद इसके ऐसी घटनाएं रुक नहीं रही हैं। अब अमेरिकी राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात सुरक्षा प्रशासन (NHTSA) ने इस मामले में रिकॉल जांच शुरू कर दी है।

    क्या है पूरा मामला?

    रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, एनएचटीएसए ने बताया कि उसने वेमों की 2,895 वाहनों को लेकर रिकॉल जांच शुरू की है। यह जांच स्कूल बसों के आसपास कंपनी की ड्राइवरलेस कारों के व्यवहार और लगातार सामने आए यातायात सुरक्षा उल्लंघनों को लेकर है। वेमो की कारें स्कूल बसों के लिए तय सुरक्षा नियमों को सही तरीके से पालन नहीं कर पा रही है। स्कूल बस की लाल लाइट चमकने या उसके स्टॉप आर्म बाहर निकलने के बाद भी यह ड्राइवरलेस गाड़ी ट्रैफिक नियमों का उल्लघंन करते हुए उन्हें पार कर जाती है।

    सॉफ्टवेयर अपडेट के बाद भी सामने आए उल्लंघन

    • इस मामले में सबसे बड़ा सवाल Waymo के पुराने सॉफ्टवेयर अपडेट को लेकर है। कंपनी ने दिसंबर 2025 में रिकॉल के तहत एक सॉफ्टवेयर उपाय लागू किया था। इसका मकसद उस खामी को दूर करना था, जिसकी वजह से उसकी ड्राइवरलेस कार्स स्कूल बसों के पास पहुंचने पर पहले धीमी तो हो जाती थीं या रुकती थीं, लेकिन इसके बाद भी बस को पार कर सकती थीं।
    • अब एनएचटीएसए जांच कर रहा है कि क्या दिसंबर 2025 में जारी किए गए इस सॉफ्टवेयर अपडेट ने समस्या को पूरी तरह ठीक किया था या नहीं। नियामक के मुताबिक, ज्यादातर उल्लंघन नवंबर 2025 के बाद हुए। यह वही समय था, जब वेमो ने कहा था कि उसने सभी प्रभावित वाहनों में सॉफ्टवेयर से जुड़ा सुधार पूरा कर लिया है। ऐसे में अपडेट लागू होने के बाद भी घटनाएं सामने आना जांच का अहम हिस्सा बन गया है।

    रिकॉल जांच में किन बातों का पता लगाएगा NHTSA?

    एनएचटीएसए अपनी जांच में कई सवालों के जवाब तलाशेगी। जैसे क्या वेमो का सॉफ्टवेयर अपडेट सुरक्षा खामी को ठीक करने के लिए पर्याप्त था? अपडेट लागू होने के बाद भी घटनाएं क्यों होती रहीं? साथ ही नियामक यह भी समझना चाहता है कि सॉफ्टवेयर उपाय के बाद सामने आई घटनाओं के पीछे क्या कारण थे। यानी जांच सिर्फ पुराने अपडेट की समीक्षा तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह भी देखा जाएगा कि सुधार के बावजूद ऐसी गलतियां कैसे हुईं।

    वेमो का क्या पक्ष है?

    • इस पूरे मामले पर वेमो ने भी अपना पक्ष रखा है। कंपनी ने अपने एक बयान में कहा कि हमने स्कूल बसों के आसपास वाहन व्यवहार में महत्वपूर्ण सुधार किए हैं और मार्च 2026 के बाद से कोई भी हवाला (Citations) नहीं मिला है।
    • कंपनी के इस बयान के अनुसार, मार्च 2026 के बाद उसे स्कूल बसों से जुड़े मामलों में कोई नया चालान या उल्लंघन संबंधी नोटिस नहीं मिला है। हालांकि, NHTSA की जांच अब यह तय करेगी कि कंपनी की ओर से किए गए सुधार पर्याप्त थे या नहीं।

    जनवरी में बच्चे को टक्कर मारने के मामले में भी जांच

    • वेमो की कारों की सुरक्षा को लेकर यह पहली जांच नहीं है। इससे पहले जनवरी 2026 में NHTSA ने कंपनी के एक अन्य स्व-चालित वाहन से जुड़ी घटना की जांच शुरू की थी।
    • यह घटना कैलिफोर्निया के सांता मोनिका में एक प्राथमिक विद्यालय के पास हुई थी। यहां वेमो की एक ड्राइवरलेस कार ने एक बच्चे को टक्कर मार दी थी। इस घटना के बाद भी कंपनी की स्व-चालित तकनीक और सड़क पर उसकी सुरक्षा को लेकर सवाल उठे थे।