MWC 2019: सैमसंग के फोल्डेबल स्मार्टफोन से लेकर मोटोरोला रेजर तक, जानें क्या होगा खास

बर्सिलोना, स्पेन में शुरू होने जा रहे 2019 मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस में टेक कंपनियां स्मार्टफोन सहित तमाम तरह के गैजेट्स और एसेसरीज पेश करेंगी। लेकिन, इस दौरान दुनिया भर के टेक प्रेमियों की नजर खासतौर पर उन नए स्मार्टफोन्स पर रहेगी, जो नई तकनीक और ताजा डिजाइन के साथ पेश होने वाले हैं। अक्सर मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस के दौरान सैकड़ों नए मॉडल लॉन्च किए जाते हैं। लेकिन हर बार कुछ स्मार्टफोन ही खास आकर्षण का केंद्र बन पाते हैं। हर बार की तरह इस बार भी आकर्षण का केंद्र बनने वाले कुछ मॉडल लॉन्च होने से पहले ही चर्चा में हैं। हाई-एंड स्पेसिफिकेशन, फ्यूचरिस्टिक डिजाइन और 5जी कनेक्टिविटी इस बार पेश होने वाले स्मार्टफोन्स की यूएसपी होंगी। हमारे आकलन के हिसाब से आने वाले दिनों में ये मोबाइल छाने वाले हैं।
मोटो रेजर 2019

मोटोरोला मोटो रेजर 2019
में 19:8 आस्पेक्ट रेशियो के साथ एक बड़ा डिस्प्ले देने वाली है। इसका डिस्प्ले नॉच के साथ होगा। फोल्ड करने पर यह काफी कॉम्पैक्ट हो जाता है। इसमें बाहर की तरफ भी एक छोटा डिस्प्ले है, जिसका प्रयोग नोटिफिकेशन पढ़ने के लिए किया जा सकेगा। इसके बाहरी हिस्से में एलईडी फ्लैश के साथ एक सिंगल लेंस कैमरा है। इसमें नीचे की तरफ एक फिंगरप्रिंट स्कैनर दिया गया है। मोटो रेजर काफी स्लीक और स्पोर्टी फोन है। इसकी स्क्रीन को फोल्ड करने के लिए इसमें हिंज का प्रयोग हुआ है, जिससे इसे खोलना व बंद करना काफी स्मूद होगा।
नोकिया 9 प्योर व्यू :
एचएमडी ग्लोबल 24 फरवरी को इस फोन को पहली बार दुनिया के सामने पेश करेगी। इसकी खासियत इसमें दिया जाने वाला पेंटा-कैमरा सेटअप है। इस फोन में जेइस के लेंस होंगे और रियर पैनल के टॉप लेफ्ट साइड में एलईडी फ्लैश लाइट होगी। इसमें कंपनी क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 855 प्रोसेसर और 6 इंच का डिस्प्ले दे सकती है। यह एंड्रॉयड 9 पाई पर काम करेगा। यह स्मार्टफोन गूगल एंड्रॉयड वन प्रोजेक्ट पर चलेगा यानी इसमें एंड्रॉयड वन ओएस दिया जाएगा। कंपनी इसमें नॉच न देकर डिस्प्ले पर ही फ्रंट कैमरा दे सकती है। इसमें 6जीबी रैम और 4000 एमएएच की बैटरी दी जा सकती है।
सैमसंग गैलेक्सी एस10 लाइन-अप

20 फरवरी को सैमसंग अपने गैलेक्सी एस10 लाइन-अप के स्मार्टफोन्स को ऑफिशियल तौर पर लॉन्च करने वाली है। इस सीरीज के तहत सैमसंग तीन स्मार्टफोन्स गैलेक्सी एस10, गैलेक्सी एस10 प्लस और गैलेक्सी एस10ई को लॉन्च करेगी। गैलेक्सी एस10 के छोटा मॉडल के तौर पर एस10 लाइट को पेश किया जा सकता है। गीकबेंच पर गैलेक्सी एस10 लाइट को सिंगल कोर टेस्ट में 1,986 और मल्टी-कोर टेस्ट में 6,266 स्कोर हासिल हुए हैं। इसके साथ ही लिस्टिंग में जानकारी मिली है कि डिवाइस क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 855 प्रोसेसर, 6जीबी रैम और एंडरॉयड 9.0 पाई के साथ आएगा। इसके अलावा गीकबेंच की लिस्टिंग में सैमसंग गैलेक्सी एस10 लाइट की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन, कुछ समय पहले सामने आई खबरों को देखें, तो इसमें इनफिनिटी-ओ-डिस्प्ले व रियर में मल्टी-कैमरा सेटअप मौजूद होगा। सैमसंग गैलेक्सी एस10 लाइनअप को अल्ट्रा-थिन बेजल और इन-डिसप्ले सेल्फी कैमरा व बैक में फिंगरप्रिंट सेंसर के साथ पेश किया जा सकता है।
25 फरवरी से शुरू होने वाले मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस में कई कंपनियां अपने फोल्डेबल स्मार्टफोन्स को लॉन्च करने वाली हैं। हालांकि सैमसंग इस इवेंट से 5 दिन पहले यानी की 20 फरवरी को ही अपना 5जी कनेक्टिविटी वाला स्मार्टफोन लॉन्च कर सकती है। हाल ही में सैमसंग ने अपनी डेवेलपर कॉन्फ्रेंस मेंे अपने पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन को पेश किया था। अभी इसे गैलेक्सी एफ नाम दिया गया है। इसकी मुख्य डिस्प्ले 7.3 इंच की है, जो फोन को अनफोल्ड करने पर दिखेगी, जिसका आस्पेक्ट रेशियो 4.2:3 है। इसकी कवर डिस्प्ले जो डिवाइस फोल्ड होने पर दिखेगी, वह 4.58 इंच की है, जिसका आस्पेक्ट रेशियो 21:9 का है। यह खुलने पर टैबलेट जैसा दिखता है और बंद होने पर फोन की तरह। इसमें एक ही स्क्रीन है, जो मुड़ती है। सैमसंग ने अपनी इस फोल्डेबल डिवाइस में इस्तेमाल होने वाली डिस्प्ले को इनफिनटी फ्लेक्स डिस्प्ले नाम दिया है। इनफिनिटी फ्लेक्स डिस्प्ले सैमसंग का नेक्स्ट जेनरेशन प्लेटफॉर्म है। इसमें डिस्प्ले पैनल के तौर पर एएमओएलईडी (एक्टिव मैट्रिक्स ऑर्गेनिक लाइट इमिटिंग डायोड) का उपयोग किया गया है। इसे हाईब्रिड फोल्डेबल टैबलेट या स्मार्टफोन कह सकते हैं। सैमसंग का यह फोल्डेबल फोन एंड्रॉयड 9 पाई पर काम करेगा। इसमें आप एक साथ तीन एप चला सकेंगे। यह सैमसंग के यूजर इंटरफेस वनयूआई पर चलेगा, जिसे मल्टीपल स्क्रीन के लिए डिजाइन किया गया है