Meta AI: एआई चैटबॉट ने बुजुर्ग को मिलने बुलाया, दिया घर का पता, फिर ये हुआ अंजाम...

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Sun, 17 Aug 2025 04:00 PM IST
सार

AI Chatbot Calls Elderly To Meet Ends With Death:

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने हमारी दुनिया को तेजी से बदला है, लेकिन इसके नकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। अमेरिका से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक एआई चैटबॉट के बहकावे में आकर एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई।

meta ai chatbot calls elderly for meetup ends up with death due to accident new jersey
Ai चैटबॉट (प्रतिकात्मक तस्वीर) - फोटो : AI

    विस्तार

    अमेरिका के न्यू जर्सी में 76 साल के थोंगब्यू वोंगबांड्यू की मौत ने सबको हैरान कर दिया है। दस साल पहले स्ट्रोक के कारण कमजोर हो चुके वोंगबांड्यू मेटा द्वारा विकसित किए गए एक जेनरेटिव एआई चैटबॉट 'बिग सिस बिली' से बात करते थे। फेसबुक मैसेंजर पर हुई बातचीत के ट्रांसक्रिप्ट से पता चला कि चैटबॉट ने बार-बार उन्हें यकीन दिलाया कि वह एक असली इंसान है। इतना ही नहीं, उसने मिलने के लिए एक पता भी दिया और लिखा। चैटबॉट ने उन्हें न्यूयॉर्क में 123 मेन स्ट्रीट, अपार्टमेंट 404 पर मिलने के लिए बुलाया और दरवाजा खोलने का कोड भी दिया।

    रास्ते में हुई मौत

    वोंगबांड्यू की पत्नी ने जब उन्हें इस हालत में न्यूयॉर्क जाने की तैयारी करते देखा तो वह चिंतित हो गईं। उनके परिवार ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने। वह न्यूयॉर्क के लिए निकल पड़े, जहां अंधेरे में ट्रेन पकड़ने की कोशिश करते समय रटगर्स यूनिवर्सिटी के न्यू ब्रंसविक कैंपस में एक पार्किंग में गिर गए। सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आने के बाद, तीन दिनों तक लाइफ सपोर्ट पर रहने के बाद 28 मार्च को उनकी मौत हो गई।

    बेटी ने उठाए गंभीर सवाल

    रॉटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, थोंगब्यू की बेटी जूली वोंगबांड्यू ने इस घटना पर गहरा सदमा जताया। उन्होंने कहा, "मैं समझ सकती हूं कि कंपनी यूजर्स का ध्यान खींचने की कोशिश करती है, शायद कुछ बेचने के लिए। लेकिन किसी बॉट का मिलने के लिए बुलाना और पता देना पागलपन है।" उन्होंने यह भी बताया कि उनके पिता और बॉट के बीच हुई हर बातचीत बेहद ही रोमांटिक थी और दिल वाले इमोजी के साथ खत्म होती थी। पूरी बातचीत का ट्रांसक्रिप्ट लगभग एक हजार शब्दों का है।

    सोशल मीडिया पर मचा हंगामा

    इस खबर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने मेटा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एक यूजर ने लिखा, "हे भगवान, मेटा पर तो इतना मुकदमा होना चाहिए कि वह खत्म हो जाए।"

    कुछ लोगों ने तो यहां तक कहा कि हमें किसी न किसी मोड़ पर नकली चीजों को लेकर एक सीमा तय करनी होगी। यह एक अकेली घटना हो सकती है, लेकिन हमें इस मोड़ पर नहीं पहुंचना चाहिए, जहां हम वास्तविकता से इतने असंतुष्ट हों कि एआई के जाल में फंस जाएं। एक और यूजर ने कहा, "तो क्या मेटा भी कैटफिशिंग की तरह बुरा है?" इस घटना ने एआई की नैतिकता और सुरक्षा पर एक नई बहस छेड़ दी है।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें