Cyber Attack: ग्रॉसरी एप पर हुआ बड़ा साइबर हमला, यूजर्स की बैंक डिटेल्स और संवेदनशील डेटा डिलीट
KiranaPro Grocery App Hacked:
तेजी से लोकप्रिय हो रहे ग्रॉसरी स्टार्टअप KiranaPro पर बड़ा साइबर अटैक हुआ है। हैकर्स ने एप का सारा डेटा मिटा दिया है, जिसमें यूजर्स की बैंक डिटेल्स, नाम-पते और पेमेंट जानकारी भी शामिल है।

विस्तार
भारतीय ग्रॉसरी डिलीवरी स्टार्टअप KiranaPro पर बड़ा साइबर हमला हुआ है, जिससे न सिर्फ कंपनी का एप ठप हो गया है बल्कि यूजर्स का संवेदनशील डेटा भी पूरी तरह मिटा दिया गया है। कंपनी के फाउंडर दीपक रविन्द्रन ने इस बात की पुष्टि की है और बताया कि हैकर्स ने सिस्टम में घुसपैठ कर एप का कोड, कस्टमर डिटेल्स, नाम, पते और पेमेंट से जुड़ी जानकारी पूरी तरह डिलीट कर दी है।
तेजी से पॉपुलर हो रहा था एप
दिसंबर 2024 में लॉन्च हुआ KiranaPro एक इनोवेटिव वॉयस-बेस्ड ग्रॉसरी ऑर्डरिंग एप था, जो हिंदी, तमिल, मलयालम और इंग्लिश जैसी भाषाओं में ऑर्डर लेने की सुविधा देता था। यह एप देश के 50 शहरों में स्थानीय किराना दुकानों से ग्राहकों को जोड़ता था और हर दिन करीब 2,000 ऑर्डर प्रोसेस कर रहा था। कंपनी आने वाले 100 दिनों में अपने नेटवर्क को दोगुना करने की योजना में थी, लेकिन 26 मई को हुए साइबर अटैक ने पूरे सिस्टम को रोक दिया।
पूर्व कर्मचारी के क्रेडेंशियल्स बने हथियार
कंपनी के मुताबिक, अटैक का पता तब चला जब टीम Amazon Web Services (AWS) अकाउंट में लॉगिन नहीं कर पाई। जांच में सामने आया कि हैकर्स ने कंपनी के रूट AWS और GitHub अकाउंट्स को एक्सेस कर लिया था, जो कि एक पूर्व कर्मचारी के लॉगिन क्रेडेंशियल्स के जरिए किया गया था।
इस हमले में KiranaPro के सभी EC2 सर्वर (वर्चुअल मशीन) डिलीट कर दिए गए। जबकि कंपनी टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल कर रही थी, इसके बावजूद हैकर्स ने सिस्टम में सेंध लगाई।
अटैकर्स का पता लगा रही कंपनी
फिलहाल कंपनी GitHub के साथ मिलकर हमलावर का पता लगाने की कोशिश कर रही है और उन पूर्व कर्मचारियों पर कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है, जिन्होंने अपने एक्सेस क्रेडेंशियल्स नहीं लौटाए थे।
गौरतलब है कि KiranaPro को Blume Ventures और ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु जैसे बड़े निवेशकों का समर्थन मिला हुआ है। हालांकि, इस गंभीर साइबर हमले के बाद कंपनी की आगे की राह बेहद मुश्किल हो गई है।