कार्बन: 15 साल बाद स्मार्टफोन बाजार में लौटेगा देसी ब्रांड, इस सस्ते 5जी फोन से मचाएगा गदर, Gen-Z पर होगा फोकस

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Thu, 29 Oct 2026 01:17 PM IST
सार

Karbonn Rebel 5G: महंगे होते स्मार्टफोन बाजार में देसी मोबाइल ब्रांड कार्बन (Karbonn) एक बार फिर धमाकेदार वापसी करने जा रहा है। करीब 15 साल पुराने इस ब्रांड का फोकस अब सीधे Gen Z, छात्रों और कंटेंट क्रिएटर्स पर है। हाल ही में अमेजन पर इसके नए फोन Karbonn Rebel 5G का टीजर भी देखा गया है। आखिर युवाओं के लिए कंपनी क्या खास लाने वाली है? आइए विस्तार से जानते हैं।

karbonn returns to indian smartphone market to launch rebel 5g target gen z content creators
Karbonn लॉन्च कर सकती है किफायती 5जी फोन। - फोटो : अमेजन/कार्बन

    विस्तार

    Karbonn comeback India: भारतीय मोबाइल ब्रांड कार्बन एक बार फिर स्मार्टफोन बाजार में अपनी जगह बनाने की तैयारी कर रहा है। 15 साल से ज्यादा समय से मोबाइल इंडस्ट्री में मौजूद यह कंपनी अब Gen Z, स्टूडेंट्स और कंटेंट क्रिएटर्स पर फोकस करेगी। कंपनी के पहले नए स्मार्टफोन का नाम कार्बन रिबेल 5G होने का संकेत मिला है। इसका टीजर अमेजन और कार्बन की वेबसाइट पर दिखा है, हालांकि लॉन्च डेट और फीचर्स का खुलासा अभी नहीं हुआ है।

    Gen-Z और कंटेंट क्रिएटर्स पर रहेगा फोकस

    • कार्बन की नई रणनीति का मुख्य फोकस युवा ग्राहक हैं। कंपनी ऐसे स्मार्टफोन पेश करना चाहती है, जो युवाओं की जरूरतों, पसंद और खुद को डिजिटल दुनिया में पेश करने के तरीके के हिसाब से तैयार किए जाएं। इसमें स्टूडेंट्स, कंटेंट क्रिएटर्स और अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे युवाओं पर खास ध्यान दिया जाएगा।
    • कंपनी का मानना है कि आज की युवा पीढ़ी के लिए स्मार्टफोन सिर्फ कॉल करने या सोशल मीडिया चलाने का जरिया नहीं है। वे इसका इस्तेमाल अपनी पसंद, विचार और क्रिएटिविटी दिखाने के लिए भी करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए कार्बन नए डिवाइस लाने की तैयारी कर रही है।
    युवाओं के बीच पहचान दोबारा मजबूत करेगा ब्रांड
    युवाओं के बीच पहचान दोबारा मजबूत करेगा ब्रांड - फोटो : अमेजन/कार्बन

    महंगे होते फोन के बीच किफायती डिवाइस पर जोर

    • जैना ग्रुप के सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर प्रदीप जैन के मुताबिक, पिछले कुछ साल में भारत में स्मार्टफोन की कीमतें बढ़ी हैं। इसके साथ ही नए फोन खरीदने वाले ग्राहकों की संख्या में वैसी बढ़ोतरी नहीं हुई है। उनका कहना है कि कीमतें बढ़ने के कारण कुछ ग्राहक अपनी जरूरत के मुताबिक नया फोन खरीदने में मुश्किल महसूस कर रहे हैं।
    • जैन ने कहा कि स्मार्टफोन बाजार में बढ़ती कीमतों के बीच कुछ अहम ग्राहक वर्ग खरीदारी से बाहर होते जा रहे हैं। ऐसे में कार्बन अपनी उस सोच पर फिर से काम करना चाहती है, जिसके तहत टेक्नोलॉजी को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना कंपनी का उद्देश्य रहा है।
    • कंपनी की योजना बदलती जरूरतों और युवाओं की पसंद को ध्यान में रखकर खास डिवाइस पेश करने की है। हालांकि, नए फोन की कीमत और स्पेसिफिकेशंस अभी सामने नहीं आए हैं। इसलिए यह देखना बाकी है कि कंपनी किफायती स्मार्टफोन सेगमेंट में किस तरह की पेशकश करती है।

    अमेजन पर दिखा Karbonn Rebel 5G का टीजर

    • कार्बन की वापसी को लेकर हलचल तब बढ़ी, जब पिछले सप्ताह अमेजन और कंपनी की अपनी वेबसाइट पर एक माइक्रोसाइट लाइव हुई। इसमें कंपनी के आने वाले स्मार्टफोन का संकेत दिया गया है। टीजर से फोन का नाम Karbonn Rebel 5G होने की संभावना जताई जा रही है।
    • हालांकि, कंपनी ने अब तक फोन के नाम, फीचर्स, कीमत और लॉन्च की तारीख को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि फोन में कौन-सा प्रोसेसर, कितनी रैम और स्टोरेज मिलेगी या कैमरा कैसा होगा।

    क्रिकेट से जुड़ाव के सहारे ब्रांड को फिर पहचान दिलाने की कोशिश

    • कार्बन अपनी पुरानी ब्रांड पहचान और भारतीय क्रिकेट से जुड़े जुड़ाव का भी फायदा उठाना चाहती है। कंपनी की 'कार्बन कमाल कैच' पहल इसी रणनीति का हिस्सा है। इसके जरिए ब्रांड युवाओं के बीच दोबारा अपनी पहचान मजबूत करने की कोशिश करेगा।
    • भारतीय स्मार्टफोन बाजार में पहले से कई घरेलू और विदेशी कंपनियां मौजूद हैं। ऐसे में कार्बन के लिए वापसी के बाद ग्राहकों का भरोसा जीतना अहम होगा। फोन की कीमत, फीचर्स और आफ्टर सेल्स सर्विस इस कोशिश में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
    • फिलहाल कार्बन ने अपने नए स्मार्टफोन के बारे में सीमित जानकारी ही दी है। अब कंपनी की अगली घोषणा पर नजर रहेगी, जिसमें फोन की कीमत, फीचर्स और लॉन्च से जुड़ी जानकारी सामने आ सकती है।
    और पढ़ें...