JSS बिजनेस इनकुबेटर ने किया डेमो डे का आयोजन, इन स्टार्टअप्स ने दिखाए जलवे

आप में से कई लोग ऐसे होंगे जिनके पास कई बेहतरीन आइडियाज होंगे, लेकिन आप में से कुछ ही लोग ऐसे होंगे जो अपने आइडियाज पर भविष्य के बजाय वर्तमान में काम करना चाहते होंगे। आसान शब्दों में कहें तो एक सच्चा उद्यमी वही है जो अपने आइडियाज पर गंभीरता से काम करता है, ना कि हर रोज नए-नए सपने देखता है। इनमें से अपने आइडियाज पर काम करने और उसे पूरा करने का मौका देने के लिए जेएसएस बिजनेस इनकुबेटर ने हाल ही में TiE दिल्ली-एनसीआर और भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के साथ मिलकर नई दिल्ली में डेमो डे का आयोजन किया था जिसमें करीब 24 स्टार्टअप्स ने अपने आइडियाज से दुनिया को रूबरू कराया। इस डेमो में स्टार्टअप्स के सपोर्ट के लिए 35 निवेशकों ने भी हिस्सा लिया था। डेमो डे का आयोजन नई दिल्ली के लोदी रोड स्थिति इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में हुआ।
स्टार्टअप्स के लिए संजीवनी बनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस
तकनीक की दुनिया में इस वक्त आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का बोलबाला है। ऐसे में तमाम स्टार्टअप्स भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग का इस्तेमाल कर रहे हैं। इन दोनों के अलावा न्यूरो लिंगुस्टिक प्रोग्राम (NLP), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IOT) और ब्लॉकचेन का भी खूब इस्तेमाल हो रहा है।
सेंसर्स से मिलेगी प्रदूषण की जानकारी
देशभर में वायु प्रदूषण की समस्या से तो आप वाकिफ होंगे ही। खासतौर पर सर्दी के मौसम तो नई दिल्ली जैसी शहरों में तो हालत इतनी खराब हो जाती है तो बिना मास्क घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। कई बार तो हम फोन से प्रदूषण के स्तर की जानकारी ले लेते हैं, लेकिन अब जल्द ही कुछ ऐसे स्मार्ट सेंसर बाजार में आ जाएंगे जो आपको आसानी से प्रदूषण स्तर की जानकारी देंगे और हवा में मौजूद केमिकल के बारे में अलर्ट करेंगे। ऐसे सेंसर के निर्माण के लिए Empower Datalyzers नाम की कंपनी काम कर रही है। सेंसर्स के जरिए नदी के पानी में मौजूद केमिकल की भी जानकारी मिल सकेगी।
ग्रामीण में इलाकों में सस्ते में मिलेगी पैथोलॉजिकल सेवाएं
इस डेमो डे में आरोग्यम हेल्थकेयर नाम के स्टार्टअप ने भी हिस्सा लिया था। बता दें कि आरोग्यम हेल्थकेयर ग्रामीण इलाकों में सस्ते पैथोलॉजी टेस्ट उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। इसके अलावा कंपनी शहर में मौजूद डॉक्टर्स से भी बात कर रही है तो ताकि ग्रामीण इलाकों से दवा और टेस्ट की पर्ची भेजकर उसके बारे में जानकारी घर बैठे ली जा सके। इसके अलावा एक अन्य हेल्थकेयर स्टार्टअप B3DS है जो कैंसर और ऑन्कोलॉजी पैटर्न के इलाज के लिए एआई पर आधारित शोध कर रही है। इसके लिए वे दिल्ली AIIMS के डॉक्टर्स की मदद ले रहे हैं।
जयपुर में महिलाएं आवाज बदलकर फोन पर कर रही हैं बात
जयपुर में वोडाफोन नेटवर्क पर महिलाएं अपनी आवाज पुरुष की आवाज में बदलकर बातें कर रही हैं। ऐसे में जयपुर में महिलाओं को फोन पर धमकी देने जैसी घटनाओं में काफी कमी आई है और यह सब संभव हो पाया है कि Voxomos solution की मदद से।इस डेमो डे के आयोजन में इंडियन एंजल नेटवर्क, योरनेस्ट, स्टाअपएक्सीड, एसआरआई कैपिटल, ग्रोएक्स, टी-लैब्स, स्टार्टअप बडी जैसे निवेशक शामिल हुए।