पहाड़ से 300 फीट नीचे गिरी कार, जिंदगी और मौत से जूझ रही थी पत्नी, iPhone की मदद से पति ने बचाई जान
आईफोन 14 के साथ नया सेफ्टी फीचर क्रैश डिटेक्शन दिया गया है। यह एक इमरजेंसी फीचर है, जो कि दुर्घटना के समय यूजर्स की सेफ्टी सुनिश्चित करने के लिए इमरजेंसी SoS अलर्ट जारी करता है। हाल ही की इस घटना में भी इस फीचर ने महिला की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।

विस्तार
एपल वॉच की मदद से जान बचाने के मामले तो आपने खूब सुनें होंगे अब एपल आईफोन महिला की जान बचाने में कारगर साबित हुआ है। अब आईफोन 14 ने अपने सेफ्टी फीचर क्रैश डिटेक्शन की मदद से महिला की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई है। दरअसल, महिला की कार पहाड़ से 300 फीट नीचे गिर गई थी। जिसके बाद आईफोन ने महिला के पति को इमरजेंसी SoS अलर्ट भेज दिया और महिला का समय रहते रेस्क्यू कर लिया गया।
दरअसल, आईफोन 14 के साथ नया सेफ्टी फीचर क्रैश डिटेक्शन दिया गया है। यह एक इमरजेंसी फीचर है, जो कि दुर्घटना के समय यूजर्स की सेफ्टी सुनिश्चित करने के लिए इमरजेंसी SoS अलर्ट जारी करता है। हाल ही की इस घटना में भी इस फीचर ने महिला की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। दरअसल, हादसा अमेरिका के कैलिफोर्निया में एंजिल्स फॉरेस्ट हाईवे पर हुआ था, जिसमें महिला की कार का एक्सीडेंट हो गया और उनकी कार पहाड़ से 300 फीट नीचे गिर गई।
कार पहाड़ी में फस गई थी और वह जिंदगी और मौत से जूझ रही थी। हालांकि, हादसे के दौरान दोनों पति-पत्नी फोन पर बात कर रहे थे लेकिन हादसे के बाद फोन एकदम से कट गया। पति कुछ समझ पाता उससे पहले उनके फोन पर एक नोटिफिकेशन आया, जिसमें बताया गया था कि उनकी पत्नी की कार का एक्सीडेंट हो गया है। नोटिफिकेशन में हादसे का सटीक लोकेशन भी बताया गया था। जानकारी मिलते ही महिला का पति हादसे वाली जगह पर पहुंचा और महिला का रेस्क्यू किया गया। महिला के पति में रेडिट (Reddit) पर इस पूरी घटना की जानकारी दी है।
इसी साल एपल ने नई आईफोन 14 सीरीज को पेश किया है। इस सीरीज में नया क्रैश डिटेक्शन फीचर शामिल किया गया है। इस फीचर में आईफोन सेंसर की मदद से दुर्घटना के समय क्रैश डिटेक्शन ऑन कर देता है (फ्रंट-इम्पैक्ट, साइड-इम्पैक्ट, रियर इम्पैक्ट और रोलओवर) और यदि यूजर्स कोई जवाब नहीं देता तो आईफोन आपातकालीन कॉन्टैक्ट को सूचित करने और यूजर्स की सेफ्टी सुनिश्चित करने के लिए इमरजेंसी SoS अलर्ट जारी कर देता है। इस अलर्ट में क्रैश डिटेक्शन की जानकारी के साथ आईफोन की सटीक लोकेशन भी होती है।