Instagram bug: इंस्टाग्राम में गलती खोजने पर छात्र को मिला 38 लाख का इनाम, वाईफाई हैक करने सीखी थी हैकिंग
नीरज के अनुसार पिछले साल दिसंबर में उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट में गलती ढूंढना शुरू किया था। लंबी सर्चिंग और मेहनत के बाद उन्होंने इंस्टाग्राम में एक बग को ढूंढ लिया। नीरज ने तुरंत इंस्टाग्राम और फेसबुक को इसके बारे में सूचना दी।

विस्तार
फोटो-वीडियो शेयरिंग प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम (Instagram) ने अपने प्लेटफॉर्म में बग खोजने के लिए एक छात्र को 38 लाख रुपये का इनाम दिया है। राजस्थान की राजधानी जयपुर के रहने वाले नीरज शर्मा ने इस बग को इंस्टाग्राम में ढूंढ निकाला है। बता दें कि दुनियाभर में इंस्टाग्राम के लगभग दो अरब यूजर्स हैं और इस बग की वजह से कई यूजर्स का अकाउंट हैक हो सकता था। इसी बग का पता लगाने के लिए इंस्टाग्राम से नीरज को लाखों रुपये का इनाम मिला है।
दरअसल, नीरज ने इंस्टाग्राम में जिस बग को ढूंढ निकाला है, उस बग की वजह से इंस्टाग्राम यूजर के अकाउंट में बिना लॉगिन आईडी और पासवर्ड के थंबनेल में बदलाव करना संभव था। यह बग इतना खतरनाक हो सकता था कि स्ट्रॉन्ग पासवर्ड के होते हुए भी मेटा के सीईओ से लेकर आम यूजर्स तक के अकाउंट में बदलाव किया जा सकता था। हालांकि, अब इस बग को फिक्स कर दिया गया है।
20 वर्षीय नीरज ने बग ढूंढने की अपनी कहानी को एक निजी अखबार में बताया है। दरअसल, उन्होंने वाईफाई को हैक करने ऑनलाइन हैकिंग सीखी थी। नीरज के अनुसार पिछले साल दिसंबर में उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट में गलती ढूंढना शुरू किया था। लंबी सर्चिंग और मेहनत के बाद 31 जनवरी को उन्होंने इंस्टाग्राम में एक बग को ढूंढ लिया। नीरज ने तुरंत इंस्टाग्राम और फेसबुक को इसके बारे में सूचना दी। नीरज ने आगे बताया कि तीन दिन बाद वहां से जवाब आया लेकिन उन्हें मेरी बात पर यकीन नहीं हो रहा था। उन्होंने मुझे एक डेमो शेयर करने के लिए कहा। जिसके बाद नीरज ने 5 मिनट में ही थंबनेल बदलकर इंस्टाग्राम को भेज दिया।