माइक्रोसॉफ्ट आउटेज: इंडिगो-आकासा ने ईमेल सेवा बाधित होने पर जारी की एडवाइजरी, एयर इंडिया की उड़ानें सामान्य
- माइक्रोसॉफ्ट के ग्लोबल सर्वर में अचानक आई तकनीकी खराबी से इंडिगो जैसी एयरलाइंस की ईमेल सर्विस हुई प्रभावित।
- एयरलाइन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी की एडवाइजरी।
- तकनीकी गड़बड़ी को दूर करने के लिए माइक्रोसॉफ्ट की इंजीनियरिंग टीमें काम कर रही हैं।

विस्तार
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने अपने यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण सर्विस एडवाइजरी जारी की है। कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि दुनियाभर में माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई तकनीकी रुकावट के कारण उनकी ईमेल सपोर्ट सर्विस फिलहाल प्रभावित चल रही है। इस वजह से एयरलाइन को यात्रियों द्वारा भेजे जा रहे ईमेल प्राप्त करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ईमेल के अलावा बाकी सभी सपोर्ट चैनल चालू
तुरंत मदद के लिए '6E Skai' का करें इस्तेमाल
यात्रियों की सुविधा के लिए एयरलाइन ने वैकल्पिक रास्ता भी सुझाया है। इंडिगो के अनुसार किसी भी अर्जेंट सहायता के लिए यात्री कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर जाकर '6E Skai' के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं। एयरलाइन ने इस तकनीकी रुकावट के कारण यात्रियों को हो रही असुविधा के लिए खेद जताया है और सभी से धैर्य बनाए रखने की अपील की है।
आकासा एयरलाइन ने भी जारी की एडवाइजरी
माइक्रोसॉफ्ट के इस वैश्विक तकनीकी संकट के बीच आकासा एयर ने भी अपनी ईमेल सेवाएं प्रभावित होने की बात स्वीकार की है। एयरलाइन ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि सर्वर में आई तकनीकी गड़बड़ी के कारण उन्हें ईमेल भेजने और प्राप्त करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस असुविधा को देखते हुए कंपनी ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे तुरंत मदद या किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट और अन्य वैकल्पिक डिजिटल माध्यमों का उपयोग करें।
एअर इंडिया पर नहीं हुआ कोई असर
वहीं दूसरी ओर एअर इंडिया ने स्थिति स्पष्ट करते हुए राहत भरी खबर दी है कि इस वैश्विक माइक्रोसॉफ्ट आउटेज का उनकी उड़ानों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा है और सभी फ्लाइट्स पूरी तरह सामान्य रूप से उड़ान भर रही हैं। कंपनी ने बताया कि ईमेल सिस्टम प्रभावित होने की आशंका के चलते उन्होंने पहले ही एहतियात बरतते हुए ईमेल ट्रैफिक को सुरक्षित वैकल्पिक रास्तों पर डायवर्ट कर दिया है, जिससे यात्रियों को बिना किसी रुकावट के लगातार सहायता मिलती रहे।
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि माइक्रोसॉफ्ट के ग्लोबल सर्वर में अचानक आई एक बड़ी तकनीकी खराबी की वजह से दुनियाभर की डिजिटल व्यवस्था चरमरा गई है। इस वैश्विक तकनीकी गड़बड़ी के कारण कई देशों में बड़ी कंपनियों का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इसी तकनीकी संकट की चपेट में आने से इंडिगो एयरलाइंस की बैकएंड ईमेल सेवाएं भी ठप हो गईं, जिससे यात्रियों को ईमेल के जरिए मदद मिलने में रुकावट आ रही है।
कौन से टूल सबसे ज्यादा प्रभावित?
माइक्रोसॉफ्ट के इस वैश्विक आउटेज का सबसे गंभीर असर क्लाउड-आधारित इंफ्रास्ट्रक्चर, एंटरप्राइज कम्यूनिकेशन और माइक्रोसॉफ्ट 365 सूट के टूल्स पर पड़ा है। इसमें Outlook और एक्सचेंज जैसी ईमेल सेवाएं पूरी तरह लड़खड़ा गईं, जिससे दुनिया भर की कंपनियों का इनबॉक्स और कस्टमर केयर सिस्टम ठप हो गया। इसके अलावा, क्लाउड कंप्यूटिंग प्लेटफॉर्म 'एज्योर' के सर्वर प्रभावित होने से कई बैंकिंग, एयरलाइन और कॉर्पोरेट सेक्टर के डिजिटल सर्वर, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन सिस्टम और वर्चुअल वर्कस्पेस ने काम करना बंद कर दिया।