IMC 2025: अब एटीएम से सिर्फ पैसा ही नहीं अनाज भी निकलेगा, आईएमसी में पेश हुआ 'ग्रेन एटीएम', ऐसे करता है काम
Grain ATM:
इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2025 में इस बार देश की खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने वाली अनोखी तकनीक दिखाई गई है। सौर ऊर्जा से चलने वाला यह मशीन चौबीसों घंटे अनाज का वितरण कर सकता है।

विस्तार
सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत राशन लेने के लिए अब दुकान पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एरिक्सन (Ericsson) कंपनी ने दिल्ली में चल रहे इंडिया मोबाइल कांग्रेस (India Mobile Congress 2025) में देश का पहला अनाज एटीएम "अन्नपूर्ति" को पेश किया है। इस मशीन को लाने का मकसद सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और सुविधाजनक और पारदर्शी बनाना है। बुधवार को आईएमसी 2025 के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष इसे प्रसतुत किया गया।
चौबीसों घंटे मिलेगा राशन
सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत मिलने वाले राशन को लेने के लिए अब राशन दुकानों पर जाने की जरूरत नहीं होगी। राशन एटीएम की मदद से तय कोटे के अनुसार लाभुक चौबीसों घंटे कभी भी राशन ले सकेंगे। खास बात ये है कि इस मशीन को सोलर पावर से चलने के लिए तैयार किया गया है। बिजली नहीं रहने पर यह मशीन सोलर से चार्ज होने वाली बैटरी पर काम कर सकती है।
अंगूठा लगाते ही मिलेगा अनाज
साधारण सा दिखने वाला ये अनाज एटीएम बायोमेट्रीक तकनीक से लैस है। इसमें लाभुक को सिर्फ मशीन के फिंगर प्रिंट सेंसर पर अंगूठा लगाना है और मशीन अपने आप लाभुक की पहचान कर कोटे के अनुसार उसे राशन दे देगा। लाभुक को मिलने वाले अनाज और वजन की जानकारी मशीन के स्क्रीन पर दिखेगी।

देश में कहीं से भी लें सकेंगे राशन
राशन एटीएम की एक और खासियत यह है कि देशभर में मशीनों को एक नेटवर्क से जोड़ा जाएगा जिससे कोई भी व्यक्ति भारत के किसी भी हिस्से में जाकर अपना राशन प्राप्त कर सकेगा। यह सुविधा "वन नेशन, वन राशन" योजना के तहत और अधिक कारगर सिद्ध होगी। अनाज एटीएम का मॉड्यूलर डिजाइन इसे कहीं भी आसानी से इंस्टॉल करने योग्य बनाता है। यह सोलर ऊर्जा से चलता है, जिससे इसे ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में भी लगाया जा सकता है।
कुछ राज्यों में पहले ही हो चुका है शुरू
उत्तर प्रदेश, गुजरात और ओडिसा जैसे राज्यों के कई शहरों में यह सिस्टम शुरू हो चुका है। बनारस, गोरखपुर और अहमदाबाद जैसे शहरों में राशन एटीएम मशीनें लगाई गई हैं। कंपनी के अनुसार एक मशीन में 500 किलोग्राम तक राशन स्टोर किया जा सकता है और सिर्फ 30 सेकेंड में वितरण हो जाता है। एक बार में यह मशीन 25 से 30 किलोग्राम तक अनाज देने में सक्षम है।