IMC 2025: नोकिया, वोडाफोन-आइडिया और जियो समेत कई कंपनियों ने किया नई तकनीक का प्रदर्शन
India Mobile Congress 2025:
इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2025 के पहले दिन टेक्नोलॉजी कंपनियों ने भविष्य की डिजिटल दुनिया की झलक पेश की। जियो, नोकिया और वोडाफोन आइडिया ने 6G स्टैक, एआई इनोवेशन और सुरक्षा फीचर्स जैसे अत्याधुनिक प्रोडक्ट्स का प्रदर्शन किया, जो भारत की तकनीकी क्षमता को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

विस्तार
इंडिया मोबाइल कांग्रेस के पहले दिन कई कंपनियों ने अपने टेक्नोलॉजी प्रोडक्ट्स का प्रदर्शन किया। रिलायंस जियो ने अपने Jio Bharat फीचर फोन के लिए कुछ नए सेफ्टी फीचर्स की पेशकश की, तो वहीं नोकिया और वोडाफ़ोन आइडिया ने भारतीय मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2025 में उभरते वैश्विक तकनीक और दूरसंचार परिदृश्य के अनुरूप अपने तकनीकी नवाचारों का प्रदर्शन किया।
जियो ने पेश किया नया सेफ्टी सूट
जियो ने अपने Jio Bharat फोन के साथ नया सेफ्टी-फर्स्ट सूट (Safety-First Suite) पेश किया है, जिसमें चार प्रमुख फीचर्स, लोकेशन मॉनिटरिंग, यूसेज मैनेजर, फोन एंड सर्विस हेल्थ और ऑलवेज अवेलेबल शामिल हैं। लोकेशन मॉनिटरिंग फीचर के जरिए परिवार के सदस्य अपने प्रियजनों की लोकेशन को JioBharat डिवाइस के माध्यम से आसानी से ट्रैक कर सकते हैं। वहीं, यूसेज मैनेजर फीचर उपयोगकर्ताओं या उनके अभिभावकों को कॉल और मैसेज कंट्रोल करने, अनचाहे नंबर ब्लॉक करने और अनुचित कंटेंट की पहुंच को सीमित करने की सुविधा देता है। फोन एंड सर्विस हेल्थ फीचर बैटरी लेवल और नेटवर्क परफॉर्मेंस से जुड़ी जानकारी साझा करता है, ताकि फोन हमेशा सक्रिय और कनेक्टेड रहे। इसके अलावा, ऑलवेज अवेलेबल फीचर सात दिनों तक की बैटरी बैकअप प्रदान करता है, जिससे किसी भी स्थिति में संचार बाधित नहीं होता।
जियो ने बताया कि यह फीचर परिवार के सभी सदस्यों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। यह बच्चों को सोशल मीडिया से दूर रहकर सुरक्षित तरीके से संवाद करने की सुविधा देता है, बुजुर्गों को हेल्थ और लोकेशन अपडेट्स के जरिए हमेशा संपर्क में रखता है और महिलाओं को यात्रा या बाहर रहने के दौरान अतिरिक्त सुरक्षा का अहसास कराता है।
जियो ने किया 6G स्टैक का खुलासा
आईएमसी 2025 में रिलायंस जियो ने पहली बार अपने 6G स्टैक को भी पेश किया। जियो का 6G स्टैक (6G Stack) पूरी तरह स्वदेशी रिसर्च और डेवलपमेंट (R&D) पर विकसित है। भारत 6G एलायंस (Bharat 6G Alliance) में जियो की सक्रिय भागीदारी और इसके पेटेंट योगदान यह दर्शाते हैं कि कंपनी 6G इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी के क्षेत्र में लीडर बनने और भारत को वैश्विक टेलीकॉम इनोवेशन का केंद्र बनाने के लक्ष्य पर काम कर रही है।
आईएमसी 2025 (IMC 2025) में पेश किए गए जियो के 6G स्टैक में एडवांस रेडियो, सैटेलाइट, एआई, सिक्योरिटी और एज-क्लाउड तकनीक का शानदार संयोजन देखने को मिला। यह न केवल भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि आने वाले समय में वैश्विक 6G प्रतिस्पर्धा में भारत की मजबूत स्थिति की नींव भी रखता है।
नोकिया ने भी पेश किए इनोवेटिव प्रोडक्ट
नोकिया नेअपने मोबाइल नेटवर्क से जुड़ी कई इनोवेशन पेश किए हैं, जिनका उद्देश्य नेटवर्क ऑपरेशंस को आसान बनाना और परफॉर्मेंस को बेहतर करना है। डेमो के दौरान मोबाइल बैकहॉल और बैकबोन एप्लिकेशंस के लिए एक विविध माइक्रोवेव पोर्टफोलियो दिखाया गया, जिसमें कॉम्पैक्ट और ज़ीरो-फुटप्रिंट आउटडोर सॉल्यूशंस भी शामिल हैं। इन डेमो का समापन डुअल-बूस्ट बेस स्टेशन टेक्नोलॉजी की प्रस्तुति के साथ हुआ।
नोकिया ने अपना डेटा सूट प्लेटफॉर्म भी प्रदर्शित किया, जो कम्युनिकेशन सर्विस प्रोवाइडर्स (CSPs) को उच्च-गुणवत्ता वाले नेटवर्क और सब्सक्राइबर डेटा के साथ एआई यूज केस को बड़े पैमाने पर स्केल करने में मदद करता है।
वोडाफोन-आइडिया ने पेश किया स्पैम डिटेक्शन सिस्टम
टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर वोडाफोन आइडिया लिमिटेड (Vi) ने इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2025 के पहले दिन कई 5G और एआई-सक्षम (AI-powered) इनोवेशन पेश किए। कंपनी ने इस दौरान कुछ अहम घोषणाएं कीं, जिनमें एपीआई-आधारित फ्रॉड प्रिवेंशन सॉल्यूशन, एआई-पावर्ड वॉइस स्पैम डिटेक्शन सिस्टम, और अपने मुख्य नेटवर्क ऑपरेशंस के लिए अपग्रेडेड नेटवर्क डिफेंस और इंसीडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम शामिल हैं।
Vi का नया वॉइस स्पैम डिटेक्शन सिस्टम रीयल-टाइम में स्पैम और फ्रॉड कॉल्स की पहचान कर उन्हें फ्लैग करता है। यह सिस्टम एडवांस्ड एआई मॉडल्स, वेब क्रॉलर्स और यूजर फीडबैक की मदद से संदिग्ध नंबरों को ग्राहक तक पहुंचने से पहले ही पहचान लेता है। जैसे ही कोई संदिग्ध कॉल आता है, यूजर के फोन की स्क्रीन पर “Suspected Spam” का अलर्ट दिखाई देता है, जिससे यूजर खुद तय कर सकता है कि कॉल उठानी है या नहीं। यह फीचर थर्ड-पार्टी कॉलर आईडी ऐप्स से अलग है क्योंकि यह सीधे Vi के नेटवर्क में इंटीग्रेटेड है, जिससे सटीकता और डेटा प्राइवेसी दोनों बढ़ती हैं।