AI: चैटजीपीटी का नया फीचर बनेगा आपका पर्सनल असिस्टेंट; ‘एक कमांड’ में डिजाइन, प्लेलिस्ट और बुकिंग सब करेगा

सुयश पांडेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीसुयश पांडेय
Sat, 25 Oct 2025 07:00 PM IST
सार

ओपनएआई ने चैटजीपीटी में स्पॉटिफाई, कैनवा, फिग्मा, कोर्सेरा और बुकिंग.कॉम जैसे एप्स का इंटीग्रेशन जोड़ा है। अब यूजर्स सीधे चैटजीपीटी से म्यूजिक प्लेलिस्ट बना सकते हैं, डिजाइन तैयार कर सकते हैं या ट्रैवल प्लान कर सकते हैं। जानें इसका पूरा तरीका।

How to use Chatgpt app integration
ChatGPT - फोटो : Adobe Stock

    विस्तार

    ओपनएआई ने अपने लोकप्रिय एआई चैटबॉट चैटजीपीटी को एक बड़ा अपडेट दिया है, जिससे यह अब एक सुपर-असिस्टेंट बन गया है। कंपनी ने इसमें कई नए एप इंटीग्रेशन फीचर्स जोड़े हैं, जिनके जरिए यूजर्स अब अपने पसंदीदा एप्स जैसे स्पॉटिफाई, कैनवा, फिग्मा, कोर्सेरा, बुकिंग.कॉम, एक्सपीडिया और जिल्लो को चैटजीपीटी से सीधे जोड़ सकते हैं। इस फीचर की मदद से चैटजीपीटी अब सिर्फ सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आपके लिए काम भी करेगा, चाहे म्यूजिक प्लेलिस्ट बनाना हो, डिजाइन तैयार करना हो या होटल बुक करना।

    स्पॉटिफाई इंटीग्रेशन: चैटजीपीटी आपके मूड के हिसाब से बनाएगा आपकी प्लेलिस्ट

    स्पॉटिफाई और चैटजीपीटी का नया इंटीग्रेशन म्यूजिक लवर्स के लिए किसी गिफ्ट से कम नहीं है। उदाहरण के लिए अब आप चैटजीपीटी से कह सकते हैं, “मेरे मूड के हिसाब से एक रिलैक्सिंग प्लेलिस्ट बना दो।” चैटजीपीटी आपकी पसंद के हिसाब से एक नई प्लेलिस्ट तैयार करेगा, जो सीधे आपके स्पॉटिफाई अकाउंट में दिखेगी। इतना ही नहीं, यह आपको नए आर्टिस्ट, पॉडकास्ट और गाने भी सजेस्ट कर सकता है। आप चाहें तो चैटजीपीटी से अपनी स्पॉटिफाई लाइब्रेरी में गाने जोड़ने या हटाने के निर्देश भी दे सकते हैं।

    कैनवा इंटीग्रेशन: क्रिएटिव प्रोफेशनल्स और डिजाइनर्स के लिए वरदान

    कैनवा का इंटीग्रेशन खासतौर पर क्रिएटिव प्रोफेशनल्स और डिजाइनर्स के लिए है। उदाहरण के लिए अब चैटजीपीटी से कहें, “एक बिजनेस पोस्टर बनाओ जो इंस्टाग्राम स्टोरी के लिए फिट हो।” चैटजीपीटी आपके निर्देशों के अनुसार कैनवा में डिजाइन बना देगा। आप फॉन्ट, रंग, फॉर्मेट और साइज जैसे निर्देश पहले से दे सकते हैं। एआई के जरिए बनाए गए डिजाइन को आप कैनवा एप में जाकर एडिट और कस्टमाइज भी कर सकते हैं।

    कोर्सेरा इंटीग्रेशन: चैटजीपीटी चुनेगा आपके लिए बेस्ट कोर्स

    कोर्सेरा के साथ चैटजीपीटी का इंटीग्रेशन स्टूडेंट्स और प्रोफेशनल्स के लिए उपयोगी है। अब आप चैटजीपीटी से पूछ सकते हैं, “Python का इंटरमीडिएट लेवल कोर्स दिखाओ।” चैटजीपीटी आपको रेटिंग, कोर्स ड्यूरेशन, फीस और कंटेंट डिटेल्स के साथ सबसे अच्छे विकल्प दिखाएगा। इससे आप आसानी से तय कर सकते हैं कि कौन-सा कोर्स आपके लिए बेहतर रहेगा।

    बुकिंग.कॉम और एक्सपीडिया इंटीग्रेशन: आपका पर्सनल ट्रैवल प्लानर बनेगा चैटजीपीटी

    अब चैटजीपीटी आपकी यात्रा की योजना भी तैयार करेगा। उदाहरण के लिए “10 नवंबर से 12 नवंबर तक दिल्ली से जयपुर के लिए 3-स्टार होटल बुक करो।” ऐसे प्रॉम्प्ट देने पर चैटजीपीटी बुकिंग.कॉम या एक्सपीडिया से होटल और फ्लाइट ऑप्शन दिखाएगा। आप चाहें तो बजट, रेटिंग और लोकेशन के आधार पर रिजल्ट फिल्टर कर सकते हैं।

    फिग्मा इंटीग्रेशन: टीम मैनेजमेंट और डिजाइन वर्कफ्लो तैयार करेगा चैटजीपीटी

    फिग्मा के इंटीग्रेशन से चैटजीपीटी अब डायग्राम, फ्लोचार्ट और प्रोडक्ट रोडमैप तैयार कर सकता है। यह फीचर खासतौर पर टीम मैनेजमेंट और डिजाइन वर्कफ्लो के लिए फायदेमंद है। आप अपने फिग्मा प्रोजेक्ट्स अपलोड कर सकते हैं और चैटजीपीटी से कह सकते हैं, “एक रोडमैप बनाओ जिसमें दिसंबर तक के डिलीवेरेबल्स शामिल हों।”

    जिल्लो इंटीग्रेशन: घर की ढूंढने में भी मदद करेगा चैटजीपीटी

    अगर आप नया घर या प्रॉपर्टी ढूंढ रहे हैं, तो चैटजीपीटी अब इस काम में भी आपकी मदद करेगा। बस कहें, “80 लाख तक के बजट में मुंबई में 2BHK फ्लैट दिखाओ।” जिल्लो इंटीग्रेशन के जरिए चैटजीपीटी आपके लिए उपयुक्त लोकेशन, प्राइस रेंज और घरों की डिटेल्स तुरंत पेश करेगा।

    कैसे करें सेटअप?

    चैटजीपीटी में एप्स कनेक्ट करना बहुत आसान है। सबसे पहले चैटजीपीटी में लॉगिन करें। इसके बाद “सेटिंग्स” में जाएं और “एप्स एंड कनेक्टर्स” पर क्लिक करें। अब अपनी पसंद का एप (जैसे स्पॉटिफाई, कैनवा या फिग्मा) चुनें। अकाउंट साइन इन करके कनेक्शन की अनुमति दें। किसी भी समय “सेटिंग्स” से एप को डिसकनेक्ट किया जा सकता है। ये ध्यान रहे कि जब आप कोई एप कनेक्ट करते हैं, तो चैटजीपीटी को उस एप का कुछ डेटा एक्सेस करने की अनुमति मिलती है, इसलिए परमिशन पढ़ना न भूलें।

    जल्द आएंगे नए एप्स

    ओपनएआई ने बताया है कि आने वाले महीनों में चैटजीपीटी में डोरडैश, ओपनटेबल, उबर, वॉलमार्ट और टारगेट जैसे और भी एप्स जोड़े जाएंगे। इनके आने के बाद चैटजीपीटी एक ऑल-इन-वन डिजिटल असिस्टेंट बन जाएगा, जो म्यूजिक से लेकर शॉपिंग तक हर काम कर सकेगा। चैटजीपीटी के नए एप इंटीग्रेशन फीचर्स से यूजर्स को एक ऑल-राउंड स्मार्ट असिस्टेंट मिल रहा है। अब यह सिर्फ चैटबॉट नहीं, बल्कि एक ऐसा एआई साथी बन गया है जो आपकी रोजमर्रा की जरूरतों, म्यूजिक, ट्रैवल, डिजाइन, एजुकेशन और होम सर्चिंग हर चीज में मदद करेगा।