Meta Privacy: क्या है ऑफ मेटा एक्टिविटी? चुपके से ट्रैक कर रहा आपका डाटा? जानें इसे बंद करने का तरीका
Off-Meta Activity:
क्या आपने कभी गौर किया है कि किसी वेबसाइट पर जूते सर्च करते ही फेसबुक-इंस्टाग्राम पर उनके विज्ञापन क्यों आने लगते हैं? ये कोई इत्तेफाक नहीं, बल्कि Off-Meta Activity का खेल है। मेटा (Meta) बाहरी एप्स और वेबसाइट्स से आपका डेटा ट्रैक करता है। हालांकि, अच्छी बात ये है कि अब आप इस ट्रैकिंग को न सिर्फ देख सकते हैं, बल्कि इसे पूरी तरह डिलीट और ब्लॉक भी कर सकते हैं।कैसे? जानिए विस्तार से...

विस्तार
ऑनलाइन शॉपिंग, सर्च या एप इस्तेमाल के दौरान यूजर्स का डाटा सिर्फ उसी प्लेटफॉर्म तक सीमित नहीं रहता। मेटा ( फेसबुक-इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी) बाहरी वेबसाइट्स और एप्स से भी यूजर एक्टिविटी हासिल करती है, जिसे ऑफ-मेटा एक्टिविटी कहा जाता है। हालांकि कंपनी दावा करती है कि इससे विज्ञापन और कंटेंट बेहतर होते हैं, लेकिन यूजर्स के पास इस ट्रैकिंग को देखने, साफ करने और पूरी तरह बंद करने का विकल्प मौजूद है।
ऑफ-मेटा एक्टिविटी क्या है?
मेटा का एक फीचर योर एक्टिविटी ऑफ मेटा टेक्नोलॉजी के जरिए जानकारियों को ट्रैक करता है जो आप फेसबुक या इंस्टाग्राम के बाहर किसी वेबसाइट या एप पर करते हैं। मान लीजिए आपने किसी ई-कॉमर्स साइट पर जूते देखे, तो संभव है वही डेटा मेटा के साथ शेयर हो जाए और कुछ देर बाद आपको इंस्टाग्राम या फेसबुक पर जूतों के विज्ञापन दिखने लगें। इसे ही ऑफ-मेटा एक्टिविटी कहा जाता है।
कैसे पता करें कौन-सी वेबसाइट्स आपका डाटा शेयर कर रही हैं?
मेटा ने यूजर्स को पारदर्शिता देने के लिए अकांउट्स सेंटर में एक खास सेक्शन दिया है, जहां आप यह देख सकते हैं कि इंस्टाग्राम और फेसबुक के बाहर कौन-कौन सी वेबसाइट्स और एप्स आपकी जानकारी मेटा के साथ शेयर कर रहे हैं। फेसबुक पर इसके लिए प्रोफाइल आइकन पर जाकर सेटिंग्स एंड प्राइवेसी में जाएं, फिर सेटिंग्स खोलें और वहां से अकांउट्स सेंटर में एंटर करें। इसके बाद योर इंफॉरमेशन एंड परमिशन ( Your information and permissions) सेक्शन में जाकर योर एक्टिविटी ऑफ मेटा टेक्नोलॉजी (Your activity off Meta technologies) पर टैप करें। इंस्टा में भी लगभग यही प्रक्रिया है। प्रोफाइल आइकन पर टैप करें, मेन्यू खोलें, सेटिंग्स में जाएं, फिर अकाउंट सेंटर के अंद ऑफ मेटा एक्टिविटी सेक्शन खोलें। यहां आपको उन सभी वेबसाइट्स और एप्स की लिस्ट दिखाई देगी जिन्होंने हाल ही में आपकी ऑनलाइन एक्टिविटी का डाटा मेटा के साथ शेयर किया है।
डेटा कैसे हटाएं या डिस्कनेक्ट करें?
अगर आप नहीं चाहते कि कोई खास वेबसाइट या ,प आगे आपकी जानकारी शेयर करे, तो इसी ऑफ-मेटा एक्टिविटी सेक्शन से उसे अलग-अलग डिस्कनेक्ट किया जा सकता है। यूजर चाहें तो एक साथ कई सोर्स को हटाने का विकल्प भी चुन सकते हैं। इसके अलावा क्लियर एक्टिविटी ऑप्शन मौजूद है, जिससे अब तक मेटा अकाउंट से जुड़ा ऑफ मेटा डाटा साफ किया जा सकता है। हालांकि मेटा का कहना है कि कुछ जानकारी पूरी तरह डिलीट न होकर एनोनिमस फॉर्म में एनालिटिक्स और सिस्टम सुधार के लिए रखी जा सकती है, लेकिन यह डाटा आपकी प्रोफाइल से लिंक नहीं रहता।
ट्रैकिंग पूरी तरह कैसे बंद करें?
मेटा यूजर्स ऑफ-मेटा एक्टिविटी को पूरी तरह बंद कर करने की सुविधा भी देता है। इस सेटिंग को ऑन करने के बाद बाहरी वेबसाइट्स और एप्स आपकी नई ऑनलाइन एक्टिविटी का डाटा फेसबुक या इंस्टाग्राम के साथ ऑटोमैटिक रूप से शेयर नहीं कर पाएंगे। इसका असर यह हो सकता है कि आपको दिखने वाले विज्ञापन पहले जितने पर्सनलाइज्ड न रहें, लेकिन बदले में आपकी डिजिटल प्राइवेसी पर नियंत्रण काफी मजबूत हो जाता है और यह तय हो जाता है कि आपका डेटा कब और कैसे इस्तेमाल किया जाए।