Action: साइबर ठगों पर बड़ी चोट! सरकार ने 7.81 लाख सिम और 83 हजार WhatsApp अकाउंट किए ब्लॉक
यह कदम देश में बढ़ते साइबर अपराधों और डिजिटल धोखाधड़ी पर लगाम लगाने के लिए उठाया गया है।

विस्तार
अगर आप ऑनलाइन धोखाधड़ी से परेशान हैं, तो ये खबर आपको राहत दे सकती है! सरकार ने 7.81 लाख फर्जी सिम कार्ड, 83,668 व्हाट्सएप अकाउंट और 3,962 स्काइप आईडी को ब्लॉक कर दिया है। यह कदम देश में बढ़ते साइबर अपराधों और डिजिटल धोखाधड़ी पर लगाम लगाने के लिए उठाया गया है। गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने लोकसभा में बताया कि 28 फरवरी 2025 तक यह कार्रवाई की गई है।
कैसे हो रही थी साइबर ठगी?
ऑनलाइन ठग फर्जी सिम कार्ड और व्हाट्सएप, स्काइप जैसे प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल कर लोगों को चूना लगा रहे थे। ये ठग खुद को बैंक अधिकारी, पुलिस या सरकारी अफसर बताकर लोगों से पैसे ऐंठ रहे थे। फेक अकाउंट के जरिए डिजिटल फ्रॉड को अंजाम दिया जा रहा था।
सरकार ने फर्जी मोबाइल डिवाइसेज पर भी शिकंजा कसाते हुए 2,08,469 मोबाइल फोन के IMEI नंबर ब्लॉक कर दिए गए हैं। IMEI नंबर हर फोन की यूनिक पहचान होती है, जिससे उसे ट्रैक किया जा सकता है। इसका मतलब, अब ठगों के फर्जी फोन भी ब्लैकलिस्ट में डाल दिए गए हैं।
साइबर क्राइम सेंटर ने की ताबड़तोड़ कार्रवाई
इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने 3,962 स्काइप आईडी और 83,668 व्हाट्सएप अकाउंट ब्लॉक किए हैं। ये सभी अकाउंट डिजिटल फ्रॉड और साइबर अपराधों में लिप्त पाए गए थे। यह केंद्र गृह मंत्रालय के अंतर्गत काम करता है और ऑनलाइन ठगी को रोकने के लिए काम कर रहा है।
सिर्फ एक कॉल से बच सकते हैं पैसे!
क्या आपको पता है कि सरकार ने एक स्पेशल हेल्पलाइन नंबर 1930 लॉन्च किया है? अगर आपके साथ ऑनलाइन ठगी हो रही हो, तो तुरंत इस नंबर पर कॉल करें। इसके अलावा, https://cybercrime.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कर सकते हैं। सरकार के इस सिस्टम की मदद से अब तक 4,386 करोड़ रुपये ठगों के खातों में जाने से बचाए जा चुके हैं।