Google: अब अपनी मातृभाषा में पूछें सवाल, गूगल ने 10 से ज्यादा भाषाओं में लॉन्च किया Search Live फीचर
AI Mode in Google Search Regional Languages:
गूगल ने भारत में अपने एआई मोड का विस्तार करते हुए सर्च लाइव फीचर को क्षेत्रीय भाषाओं के लिए रोलआउट कर दिया है। अब यूजर्स बंगाली, मराठी, तमिल और तेलुगु जैसे 10 से अधिक भाषाओं में वॉइस और रीयल-टाइम बातचीत के जरिए सर्च इंजन से जुड़ सकेंगे।

विस्तार
Google Search Live India Launch:
गूगल ने अपने एआई-पावर्ड सर्च लाइव फीचर को हिंदी और अंग्रेजी के अलावा अब बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओड़िया, तमिल, तेलुगु और उर्दू जैसी भाषाओं में विस्तारित किया है। ये फीचर यूजर्स को वॉइस और कैमरा इनपुट के जरिए रीयल-टाइम सवाल पूछने और फॉलो-अप प्रश्न करने की सुविधा देता है। ये अपडेट भारत के क्षेत्रीय भाषाई बाजारों में गूगल की पैठ को और मजबूत करेगा।
कैसे बदल जाएगा आपका सर्च का तरीका?
1. संवादात्मक AI का अनुभव
अब गूगल सर्च केवल लिंक दिखाने वाला प्लेटफॉर्म नहीं रहा। सर्च लाइव के जरिए आप गूगल से वैसे ही बात कर सकते हैं जैसे किसी इंसान से करते हैं। आप सवाल पूछ सकते हैं, और जवाब मिलने पर उसी संदर्भ में अगला सवाल (Follow-up) भी कर सकते हैं।
2. मल्टीलिंगुअल सपोर्ट और जेमिनी की ताकत
इस नए अपडेट का मुख्य आधार जेमिनी 3.1 फ्लैश लाइव मॉडल है। यह मॉडल न केवल आपकी भाषा समझता है, बल्कि बातचीत के दौरान भाषा बदलने (Code-switching) की सुविधा भी देता है। अगर आप बात करते-करते एक भाषा से दूसरी भाषा पर स्विच करते हैं, तो एआई उसे बिना किसी रुकावट के समझ लेता है।
3. विजुअल और वॉइस (Visual + Voice Input)
सर्च लाइव केवल आवाज तक सीमित नहीं है। आप अपने फोन के कैमरे का उपयोग करके किसी वस्तु या स्थान की ओर इशारा कर सकते हैं और उसके बारे में अपनी भाषा में सवाल पूछ सकते हैं। जैसे मान लीजिए कोई पौधा या एतिहासिक इमारत है, तो आप उसे भी देखकर पूछ सकते हैं कि ये क्या है? और गूगल आपको रीयल-टाइम में जवाब देगा।
4. क्षेत्रीय भाषाओं पर विशेष फोकस
गूगल ने इस बार बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओड़िया, तमिल, तेलुगु और उर्दू जैसी प्रमुख भाषाओं को शामिल किया है। यह उन यूजर्स के लिए सबसे बड़ा अपडेट है जो डिजिटल टूल्स का उपयोग अपनी स्थानीय भाषा में करना चाहते हैं।