Google Doodle: दुनिया में करोड़ों लोग सर्च कर रहे थे ये चीज, गूगल ने बना दिया डूडल; जानिए क्यों है खास
Google Quadratic Equation Doodle:
गूगल ने आज अपने सर्च इंजन पर एक खास डूडल के जरिए गणित के सबसे मशहूर क्वाड्रेटिक इक्वेशन फॉर्मूले को सम्मान दिया है। यह डूडल न सिर्फ गणित प्रेमियों के लिए खास है, बल्कि छात्रों को यह याद दिलाता है कि गणित भी मजेदार हो सकता है।

विस्तार
भले ही आपको बचपन में गणित (Maths) से नफरत रही होगी, लेकिन आज गूगल ने मैथेमैटिक्स के एक इक्वेशन पर डूडल (Doodle) बनाकर दुनियाभर के लोगों को सरप्राइज दिया है। बुधवार को Google ने अपने होमपेज पर एक अनोखा और दिलचस्प डूडल जारी किया, जो गणित की दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समीकरणों में से एक क्वाड्रेटिक इक्वेशन (Quadratic Equation) को समर्पित है। यह वही फॉर्मूला है जिसने दशकों से इंजीनियरिंग, अर्थशास्त्र और विज्ञान जैसे क्षेत्रों की नींव मजबूत की है। गूगल के मुताबिक, यह फॉर्मूला उसके सर्च इंजन पर सबसे ज्यादा खोजे जाने वाले मैथ टॉपिक्स में से एक है।
गूगल डूडल में क्या दिखाया गया है?
भारत में यह डूडल आज (12 नवंबर) लॉन्च किया गया है। डूडल के आसपास हैंडरिटन फॉर्मूले भी नजर आ रहे हैं। इस डूडल में ‘Google’ शब्द को एक खास तरीके से दिखाया गया है। यहां दूसरा ‘g’ और ‘e’ मिलकर दूसरे ‘o’ को किक करते दिखते हैं, जैसे कोई बास्केटबॉल खेल रहा हो। यह एक्टिविटी ‘I’ के ऊपर होती दिखती है, जिससे यह समझाया गया है कि यह इक्वेशन सिर्फ मैथ तक सीमित नहीं है, बल्कि खेलों में चीजों की मूवमेंट को समझाने में भी काम आती है।
यह भी पढ़ें: चार्जर की केबल पर क्यों बना होता है सिलेंडर जैसा गोला? ज्यादातर लोग नहीं जानते इसका काम
क्यों खास है यह डूडल?
यह डूडल अकादमिक कैलेंडर के हिसाब से लॉन्च किया गया है ताकि छात्रों को याद दिलाया जा सके कि गणित सिर्फ मुश्किल नहीं, बल्कि इंटरएक्टिव और मजेदार भी हो सकता है। अक्टूबर-नवंबर के दौरान कई स्कूलों में क्वाड्रेटिक इक्वेशन पढ़ाई जाती है, जिसके चलते सर्च पर इससे जुड़े सवालों की संख्या अचानक बढ़ जाती है। गूगल का यह डूडल क्लिक करने पर उपयोगकर्ताओं को एक ऐसे पेज पर ले जाता है, जहां वे इस फॉर्मूले के समाधान, इतिहास और इसके उपयोग के बारे में और जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
गूगल डूडल की शुरुआत कब और कैसे हुई थी?
गूगल का पहला डूडल कंपनी के संस्थापकों लैरी पेज और सेर्गेई ब्रिन ने 1998 में तब बनाया था जब वे छुट्टियों पर जा रहे थे। यह एक तरह से “Out of Office” संदेश था। बाद में किसी खास दिन को सेलिब्रेट करने के लिए गूगल डूडल जारी करने लगी। तब से लेकर अब तक गूगल ने हजारों डूडल्स बनाए हैं, जो विज्ञान, इतिहास, कला और संस्कृति की महत्वपूर्ण घटनाओं को सम्मान देते हैं।