Viral Image: एलन मस्क के साथ 'सेल्फी’ हुई वायरल, सीईओ ने बताया कैसे आपके दिमाग से खेल सकता है AI
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते दौर में गलत जानकारी सबसे बड़ा खतरा बन चुकी है। बेंगलुरु के एक सीईओ ने एलन मस्क के साथ नकली सेल्फी पोस्ट कर यह दिखाया कि कैसे AI आसानी से फर्जी खबरें और तस्वीरें गढ़ सकता है।

विस्तार
सोशल मीडिया पर हलचल तब मच गई जब लिंक्डइन (LinkedIn) पर अचानक एक तस्वीर वायरल होने लगी। तस्वीर में बेंगलुरु की एक कंपनी के सीईओ दीपक कनकराजु खुद एलन मस्क के साथ पोज देते दिखे। लोगों ने सोचा कि क्या सच में एलन मस्क बेंगलुरु आए? लेकिन हकीकत कुछ और ही थी।
असली नहीं थी तस्वीर
दरअसल, यह फोटो पूरी तरह से AI का कमाल थी। दीपक ने अपनी सेल्फी में एआई की मदद से एलन मस्क को जोड़ दिया था। उन्होंने लिखा, “AI का असली खतरा नौकरियां नहीं हैं… बल्कि यह है कि झूठी खबरें कितनी आसानी से फैल सकती हैं।”
यह छोटा-सा मजाक दरअसल एक बड़ी सीख था। दीपक ने दिखा दिया कि AI के जमाने में किसी तस्वीर पर आंख बंद करके भरोसा करना बेहद खतरनाक हो सकता है।
सोशल मीडिया पर क्या हुआ रिएक्शन?
दीपक की पोस्ट पर कई प्रतिक्रियाएं आईं। एक यूजर ने लिखा, “यही तो असली खतरा है। हर नए AI अपग्रेड के साथ यह और ज्यादा खतरनाक हो रहा है। ऐसा लगता है मानो खबरें असलियत से पहले ही बन जाएंगी।”
दूसरे ने कहा, “AI का सबसे बड़ा रिस्क नौकरियों का खत्म होना नहीं बल्कि गलत जानकारी का फैलना है। सच और भरोसा पहले से ज्यादा अहम हो गया है।”
एक और यूजर ने टिप्पणी की, “भारत में तो पहले से ही व्हाट्सऐप फॉरवर्ड्स और फेक न्यूज तेजी से फैलती हैं। अब AI के साथ यह 100 गुना तेज़ हो जाएगा। असली चुनौती तकनीक नहीं, बल्कि लोगों को सिखाना है कि क्या सच है और क्या झूठ।”