Deloitte के मैनेजर ने कंपनी को लगाया चूना: चुराए 55 लाख रुपये के लैपटॉप-गैजेट्स, शेयर मार्केट में लगाए पैसे

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Mon, 17 Aug 2026 04:04 PM IST
सार

हांगकांग में Deloitte के एक पूर्व IT मैनेजर पर कंपनी से सैकड़ों लैपटॉप चोरी करने का आरोप लगा है। दावा है कि इन उपकरणों को बेचकर करीब 55 लाख रुपये जुटाए गए और रकम शेयर बाजार में लगाई गई, जहां आरोपी को भारी नुकसान हुआ।

deloitte ex manager stole laptops worth 55 lakh for stock trading hong kong
डेलॉइट (सांकेतिक) - फोटो : एआई जनरेटेड

    विस्तार

    अमीर बनने की चाहत और शेयर बाजार का लालच कभी-कभी इंसान को ऐसे रास्ते पर ले जाता है, जहां से वापसी नामुमकिन हो जाती है। ऐसा ही एक बेहद चौंकाने वाला मामला हांगकांग से सामने आया है, जिसने कॉर्पोरेट जगत में हड़कंप मचा दिया है। दुनिया की जानी-मानी कंसल्टिंग फर्म Deloitte के एक पूर्व आईटी मैनेजर ने अपनी ही कंपनी के साथ एक बड़ी धोखाधड़ी को अंजाम दिया।

    इस कर्मचारी ने स्टॉक ट्रेडिंग के लिए फंड जुटाने की खातिर कंपनी के सैकड़ों लैपटॉप चुराकर बाजार में बेच दिए। सबसे हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने इस पूरी वारदात को तब अंजाम दिया, जब वह कंपनी में एक अहम पद पर तैनात था।कैसे रची इस बड़े घोटाले की साजिश?इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब हांगकांग की एक अदालत में Deloitte के सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) विभाग के पूर्व मैनेजर हो मैन-किट को पेश किया गया। अभियोजन पक्ष ने अदालत के सामने जो तथ्य रखे, वे किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं थे। हो मैन-किट ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बिना किसी अनुमति के कंपनी के दफ्तर से सैकड़ों लैपटॉप गायब कर दिए। इसके बाद उसने मुनाफे के लिए इन सभी गैजेट्स को बाजार में बेच दिया। बैंक के रिकॉर्ड्स खंगालने पर पता चला कि इन लैपटॉप की बिक्री से उसे लगभग 55 लाख रुपये की मोटी रकम मिली थी।

    शेयर बाजार में हुआ बड़ा नुकसान

    चोरी के पैसों से रातों-रात अमीर बनने का आरोपी का यह सपना जल्द ही टूट गया। हो मैन-किट ने लैपटॉप बेचकर मिले इन 55 लाख रुपयों को शेयर बाजार में दांव पर लगा दिया, लेकिन ट्रेडिंग में उसे भारी नुकसान का सामना करना पड़ा। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के वकील ने अदालत को बताया कि आरोपी अपने किए पर बेहद शर्मिंदा है। पछतावे और नुकसान के बोझ तले दबकर उसने अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण करने से ठीक एक दिन पहले आत्महत्या करने की कोशिश भी की थी।

    पारिवारिक तनाव और डिप्रेशन की दलील

    अदालत में हो मैन-किट की तरफ से यह भी दलील दी गई कि वह इस अपराध को अंजाम देते समय भारी मानसिक और पारिवारिक तनाव से गुजर रहा था। उसकी पत्नी बच्चे के जन्म के बाद होने वाले डिप्रेशन (पोस्टनेटल डिप्रेशन) का शिकार थी, जिसके चलते घर का माहौल तनावपूर्ण था। इसके अलावा, आरोपी के पिता फेफड़ों के कैंसर से पीड़ित थे और उनकी हाल ही में सर्जरी हुई थी, जिसका इलाज लगातार चल रहा था। बचाव पक्ष ने इन परिस्थितियों को उसकी इस हताशा भरी चोरी का कारण बताने का प्रयास किया।

    कितनी हो सकती है सजा?

    हांगकांग के सख्त कानूनों के तहत इस तरह की चोरी को एक गंभीर अपराध माना जाता है। वहां के कानून के मुताबिक, चोरी के मामलों में अधिकतम 10 साल तक की जेल की सजा का प्रावधान है। वहीं, अगर इस मामले की सुनवाई जिला अदालत के स्तर पर ही पूरी होती है, तो आरोपी को अधिकतम सात साल तक की कैद हो सकती है। फिलहाल हो मैन-किट को हिरासत में भेज दिया गया है और अदालत इस मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही कर रही है।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें