Cyber Fraud: हैकर्स ने Dr. Reddy’s Labs से की ₹2 करोड़ की ठगी, फर्जी ईमेल भेज अकाउंट में ट्रांसफर कराए पैसे
Dr Reddy Cyber Fraud:
साइबर अपराधियों ने डॉक्टर रेड्डी लेबोरेट्रीज को बड़ा झटका दिया है। हैकर्स ने कंपनी और बेंगलुरु की एक फार्मा कंपनी के बीच ईमेल कम्युनिकेशन हैक कर ₹2.16 करोड़ की रकम फर्जी खाते में ट्रांसफर कराई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

विस्तार
बंगलूरू में साइबर अपराधियों ने एक चौंकाने वाली ठगी को अंजाम दिया है। हैकर्स ने Group Pharmaceuticals और Dr. Reddy’s Laboratories के बीच चल रही ईमेल बातचीत को हैक कर 2.16 करोड़ रुपये की भारी रकम फर्जी बैंक अकाउंट में ट्रांसफर करवा ली।
यह मामला तब सामने आया जब ग्रुप फार्मास्यूटिकल्स के सीनियर एग्जीक्यूटिव महेश बाबू के. ने बेंगलुरु सिटी साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक, कंपनी ने डॉ. रेड्डी लेबोरेट्रीज को माल सप्लाई किया था और 2.16 करोड़ रुपये का भुगतान मिलना बाकी था।
हैकर्स ने बदल दिए बैंक डिटेल्स
रिपोर्ट के अनुसार, 3 नवंबर को हैकर्स ने दोनों कंपनियों के बीच ईमेल सिस्टम में घुसपैठ की और Group Pharmaceuticals के अधिकारियों के नाम से डॉ. रेड्डी की अकाउंट टीम को फर्जी मेल भेज दिए। इन मेल्स में नकली बैंक अकाउंट डिटेल्स दी गई थीं, जिससे कंपनी ने 4 नवंबर को 2.16 करोड़ रुपये उसी फर्जी अकाउंट में भेज दिए।
साइबर सिक्योरिटी पर फिर उठे सवाल
शिकायत मिलने के बाद 5 नवंबर को बंगलूरू पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ IT एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (धारा 318(4) और 319(2)) के तहत केस दर्ज किया। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पाया कि यह फर्जी खाता गुजरात के वडोदरा में खोला गया था, जहां से रकम को कई सब-अकाउंट्स में ट्रांसफर कर दिया गया।
फिलहाल मुख्य फर्जी अकाउंट को फ्रीज कर दिया गया है और पुलिस बैंक अधिकारियों की मदद से बाकी रकम को ट्रेस करने में जुटी है। यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि ईमेल फ्रॉड और फिशिंग अटैक्स किस तेजी से बढ़ रहे हैं।