व्हाट्सएप के सह संस्थापक ने फेसबुक यूजर्स से की अकाउंट डिलीट करने की अपील

गौरव पाण्डेय
टेक डेस्क, अमर उजालागौरव पाण्डेय
Wed, 13 Nov 2019 03:34 AM IST
Co founder of WhatsApp Brian Acton asked facebook users to delete their account
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : पेक्सेल्स

    फेसबुक की गोपनीयता और एन्क्रिप्शन पर नाराजगी जाहिर कर चुके कंप्यूटर प्रोग्रामर और व्हाट्सएप के सह संस्थापक ब्रायन एक्टन ने एक बार फिर कंपनी के सीईओ मार्क जुकरबर्ग से अलग राय रखी है। उन्होंने एक बार फिर यूजरों से फेसबुक अकाउंड डिलीट करने की अपील की है।

    नवाचारों की खोज और कंप्यूटर के बेहतर भविष्य के लिए सैन फ्रांसिस्को में आयोजित वायर्ड के 25वें शिखर सम्मेलन के दौरान ब्रायन एक्टन ने कहा कि यदि यूजर चाहते हैं कि उनके सामने विज्ञापनों की बाढ़ आ जाए तो वे खुशी से फेसबुक पर बने रह सकते हैं।

    बता दें कि यूजर प्राइवेसी से छेड़छाड़ को लेकर फेसबुक इन दिनों कठोर जांच का सामना कर रही है। एक्टन ने कहा कि वह फेसबुक छोड़ने की अपनी अपील पर अडिग हैं।

    इससे पहले मार्च में उन्होंने स्टेनफोर्ड यूनिवर्सिटी के छात्रों से उनके फेसबुक खाते डिलीट करने की बात कह फेसबुक से अपने मतभेद सार्वजनिक रूप से स्वीकार किए थे। उन्होंने जुकरबर्ग को अपनी कंपनी व्हाट्सएप बेचने के कारणों को भी पहली बार स्पष्ट किया था।

    आखिरकार मैंने अपनी कंपनी को बेच दिया। मैंने अपने यूजर्स की प्राइवेसी को बेचा। मैंने ऐसा किया और मैंने एक समझौता किया। मैं इस गलती के साथ प्रति दिन जी रहा हूं।

    -ब्रायन एक्टन,

    व्हाट्सएप सह संस्थापक

    मौद्रीकरण को लेकर फेसबुक छोड़ी : ब्रायन

    ब्रायन एक्टन ने जेन कौम के साथ मिलकर व्हाट्सएप की शुरूआत की थी लेकिन साल 2014 में फेसबुक ने 22 अरब डॉलर में इसका अधिग्रहण कर लिया। लेकिन बाद में व्हाट्सएप के मौद्रीकरण को लेकर उनका फेसबुक से मतभेद हो गया और उन्होंने फेसबुक का साथ छोड़ते हुए 85 अरब डॉलर की राशि भी हाथ से जाने दी।

    और पढ़ें...