Cisco Layoffs: मेटा और ट्विटर के बाद अब इस कंपनी में छंटनी शुरू, चार हजार से ज्यादा कर्मचारियों की जाएगी नौकरी
हाल ही में मेटा ने करीब 11,000 और अमेजन ने 10 हजार कर्मचारियों की छंटनी का एलान किया है। सिस्को करीब 4,100 नौकरियों में कटौती करने की तैयारी में है।

विस्तार
मेटा, अमेजन और ट्विटर के बाद अब बड़ी टेक कंपनी सिस्को (Cisco) ने भी अपने कर्मचारियों की छंटनी करने की घोषणा कर दी है। कंपनी अपने 5 प्रतिशत करीब 4,000 से अधिक कर्मचारियों की छंटनी कर रही है। बता दें कि इससे पहले मेटा ने करीब 11,000 और अमेजन ने 10 हजार कर्मचारियों की छंटनी का एलान किया है।
सिलिकॉन वैली बिजनेस जर्नल की एक रिपोर्ट के अनुसार, सिस्को के पास अभी करीब 83,000 वर्कफोर्स है जिनमें से कंपनी करीब 4,100 नौकरियों में कटौती करने की तैयारी कर रही है। यह छंटनी पुनर्संतुलन अधिनियम के व्यवसायों का अधिकार के तहत की जा रही है।
अब तक कंपनी के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी चक रॉबिन्स ने कर्मचारियों की छंटनी के बारे साफ तौर पर कोई जानकारी नहीं दी है। उन्होंने कहा कि जब तक हम सक्षम नहीं हो जाते, तब तक हम बहुत अधिक विस्तार करने के इच्छुक नहीं हैं। जो हम कर रहे हैं वो हमारा अधिकार है। सिस्को के मुख्य वित्तीय अधिकारी स्कॉट हेरेन ने इस कदम को "पुनर्संतुलन" अधिनियम के तहत उठाया गया कदम बताया है।
बता दें कि इस सप्ताह अपनी पहली तिमाही की आय रिपोर्ट (Q1 2023) में, सिस्को ने राजस्व में 13.6 बिलियन डॉलर की सूचना दी है, जो कि पिछली साल से 6 प्रतिशत अधिक है।
इन टेक कंपनियों में हो रही सबसे ज्यादा छंटनी
- ट्विटर-कंपनी ने करीब 50 फीसदी कर्मचारियों को नौकरी से निकाला है। करीब 3700 लोगों की छंटनी की गई है।
- मेटा-मेटा से करीब 11,000 कर्मचारियों की छंटनी की जाएगी।
- अमेजन-10 हजार कर्मचारियों की जाएगी नौकरी।
- नेटफ्लिक्स-500 कर्मचारियों को निकाला गया।
- एलएंडटी-कंपनी ने 5 फीसदी वर्कफोर्स घटाया है।
- टेक महिंद्रा-करीब 1.4 फीसदी हेडकाउंट घटाया गया।
- विप्रो-कर्मचारियों पर आने वाले अधिक खर्च के चलते 6.5 फीसदी वर्कफोर्स घटाया गया।
- स्नैपचैट-स्टॉक में 40 फीसदी की गिरावट के चलते 20 फीसदी छंटनी की तैयारी । 1,000 कर्मचारियों की नौकरी जा सकती है।
- शॉपिफाई-कंपनी ने 10 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी का एलान किया है। 1,000 से ज्यादा कर्मचारियों की नौकरी जा सकती है।
- माइक्रोसॉफ्ट-कमाई घटने से जुलाई से अब तक कंपनी करीब 1 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी कर चुकी है।
- इंटेल-कंपनी 20 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी करने की तैयारी कर रही है।
- सी-गेट-कंपनी ने 8 फीसदी कर्मचारियों की छंटने करने की तैयारी कर ली है। करीब 3,000 कर्मचारियों की नौकरी जा सकती है।
- लिफ्ट- पिछले एक महीने में ही कंपनी ने 13 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी कर दी है। करीब 700 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला गया।
- स्ट्राइप- कंपनी 14 फीसदी वर्कफोर्स कम करने की तैयारी कर रही है, इससे करीब 1,120 कर्मचारियों की नौकरी जाएगी।
- ओपनडोर- कंपनी 18 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी करने की तैयारी कर रही है, इससे 550 कर्मचारी प्रभावित होंगे।