ChatGPT की सलाह से बची जान: शख्स ने की सेहत की जांच, नेटिजन्स बोले- ‘आपके लिए खुश हैं!’
AI का भविष्य: इस घटना के बाद कई लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि क्या AI भविष्य में डॉक्टरों की भूमिका को बदल सकता है। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि AI शुरुआती स्क्रीनिंग और चिकित्सा सलाह के लिए सहायक हो सकता है, लेकिन डॉक्टरों का स्थान नहीं ले सकता।

विस्तार
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चैटबॉट ChatGPT ने जहां पेशेवरों और कंपनियों के लिए जीवन को आसान बनाया है, वहीं एक सोशल मीडिया यूजर ने दावा किया है कि इसने उनकी जान बचाई। एक रिपोर्ट के अनुसार ChatGPT ने वर्कआउट के बाद बिगड़ी तबीयत के कारण एक गंभीर और जानलेवा बीमारी की पहचान की। गुमनाम यूजर ने बताया कि उन्होंने कुछ दिनों पहले हल्का वर्कआउट किया था, जिसके बाद उनके शरीर में अत्यधिक दर्द और असहजता होने लगी। स्वास्थ्य बिगड़ने पर उन्होंने अपने लक्षण ChatGPT को बताए। चैटबॉट ने तुरंत अस्पताल जाने की सलाह दी।
"मैंने अपने लक्षण ChatGPT को समझाए, और इसने मुझे तुरंत अस्पताल जाने की सलाह दी क्योंकि मेरे लक्षण मध्यम से गंभीर रैबडोमायोलिसिस (Rhabdomyolysis) से मेल खाते थे।" ChatGPT की सलाह मानते हुए, व्यक्ति अस्पताल गए और जांच कराई। परिणामस्वरूप, उन्हें गंभीर रैबडोमायोलिसिस होने की पुष्टि हुई।
"अस्पताल में जांच के बाद पाया गया कि मुझे गंभीर रैबडोमायोलिसिस हो गया है। मुझे एक सप्ताह तक अस्पताल में रहना पड़ा, जहां IV फ्लुइड्स के जरिए मेरा इलाज हुआ और मेरी स्थिति की निगरानी की गई।" उपयोगकर्ता ने यह भी बताया कि उन्होंने ChatGPT की मदद से अपने लैब परिणामों का विश्लेषण किया, जो डॉक्टरों द्वारा बताए गए निष्कर्षों से मेल खाते थे। "ChatGPT के विश्लेषण ने मुझे पहले ही स्थिति के बारे में स्पष्ट कर दिया था, इससे पहले कि डॉक्टर ने इसकी पुष्टि की।"
रैबडोमायोलिसिस एक गंभीर चिकित्सा स्थिति है, जिसमें मांसपेशियों के ऊतक तेजी से टूटने लगते हैं। यह किडनी डैमेज, मेटाबॉलिक एसिडोसिस और इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन जैसी जटिलताओं का कारण बन सकता है। समय पर इलाज न मिलने पर यह जानलेवा भी हो सकता है।