ChatGPT Down: चैटजीपीटी ग्लोबल लेवल पर हुआ डाउन; भारत, अमेरिका समेत कई देशों में सर्विस बाधित
ChatGPT Down: चैटजीपीटी से सवाल पूछने पर कई यूजर्स को जवाब नहीं मिल रहा है। ओपनएआई ने ग्लोबल लेवल पर ChatGPT के डाउन होने की बात स्वीकार की है। कंपनी का कहना है कि इस समस्या का जल्द ही निपटारा कर लिया जाएगा।

विस्तार
ओपनएआई के एआई चैटबॉट चैटजीपीटी (ChatGPT) की सर्विस मंगलवार को वैश्विक स्तर पर डाउन होने की जानकारी साममे आई है, जिससे कई देशों में चैटजीपीटी के लाखों यूजर्स इसका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। पीटीआई के अनुसार, भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका में सबसे अधिक व्यवधान की सूचना दी गई है।
रियल-टाइम मॉनिटरिंग प्लेटफॉर्म डाउनडिटेक्टर के अनुसार, चैटजीपीटी के डाउन होने की खबरें यूजर्स द्वारा दोपहर 3:00 बजे के आसपास आना शुरू हो गईं। प्लेटफॉर्म पर लगभग 800 शिकायतें दर्ज की गईं।
लगभग 88 प्रतिशत शिकायतों में लोगों ने कहा कि चैटबॉट उनके द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब नहीं दे रहा है। वहीं, 8 प्रतिशत लोगों ने मोबाइल एप के साथ समस्याओं की सूचना दी, जबकि 3 प्रतिशत लोगों ने कहा कि उन्हें एपीआई से संबंधित दिक्कतें आ रही हैं।
चैटजीपीटी से सवाल पूछे जाने पर यूजर्स को बार-बार “कुछ गड़बड़ हो गई है” का मैसेज दिखा। कई लोगों ने बताया कि चैटजीपीटी से सवाल पूछने पर नेटवर्क में एरर का मैसेज दिख रहा था। कुछ लोगों को दोबारा ट्राई करने का निर्देश दिया गया।
वहीं, OpenAI ने अपने सिस्टम स्टेटस पेज पर आउटेज की बात स्वीकार की, जिसमें पुष्टि की गई कि ChatGPT और उसका टेक्स्ट-टू-वीडियो प्लेटफॉर्म Sora दोनों प्रभावित हुए हैं।
OpenAI ने कहा, " चैटजीपीटी कुछ यूजर्स एरर दिखा रहा है, जबकि कुछ यूजर्स को देर से जवाब मिल रहे हैं। हम इस मुद्दे की जांच जारी रख रहे हैं।" हालांकि, कंपनी ने आउटेज को ठीक कर लेने की कोई समयसीमा नहीं बताई।