चक्षु पोर्टल लॉन्च: सेक्सटॉर्शन, बैंक धोखाधड़ी पर लगेगी लगाम, कॉल-मैसेज से हो रहे अपराध की दे सकेंगे जानकारी

गुलाम अहमद
पीटीआई, नई दिल्लीगुलाम अहमद
Tue, 05 Mar 2024 03:47 AM IST
सार

आईटी और संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि चक्षु में धोखाधड़ी की संदेह वाली चीजें रिपोर्ट की जा सकती हैं। इसमें व्यवसायिक संस्थानों की ओर से लीक किए गए मोबाइल नंबरों की भी रिपोर्ट की जा सकती है।

विज्ञापन
Chakshu portal launched by Ashwini Vaishnaw to report fraud calls, cyber-crime and financial fraud
Ashwini Vaishnaw - फोटो : PIB

    विस्तार

    फोन कॉल, व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिये आम नागरिकों को ठग रहे साइबर अपराधियों को पकड़ने के लिए सरकार ने अपना 'चक्षु' खोला है। केंद्रीय दूरसंचार विभाग ने इसी नाम से एक नया ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बनाया। इस पर नागरिक ऐसे फोन कॉल व संदेशों की जानकारी दे सकेंगे, जिनके जरिए उनके साथ वित्तीय धोखाधड़ी से लेकर सेक्सटॉर्शन तक किया जा रहा है।

    केंद्रीय दूरसंचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को इस प्लेटफॉर्म की सरकारी पोर्टल संचार साथी डॉट जीओवी पर औपचारिक शुरुआत की। चक्षु पर संदिग्ध फ्रॉड कम्युनिकेशन रिपोर्ट प्रणाली दी गई है। इसमें धोखेबाजों के फोन या व्हाट्सएप कॉल और मैसेज की जानकारी दी जा सकेगी। नागरिक इनका स्क्रीनशॉट भी अपलोड कर सकेंगे। उन्हें कॉल या मैसेज आने का समय, तारीख और अन्य उपलब्ध जानकारी लिखनी होगी। अपना नाम और फोन नंबर बताना होगा। उनके फोन नंबर पर ओटीपी भेजा जाएगा, जिसे बताने पर शिकायत दर्ज हो जाएगी।

    विज्ञापन

    केंद्रीय आईटी और संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि धोखाधड़ी और साइबर अपराध की जांच के लिए डिजिटल उपायों के माध्यम से दूरसंचार सेवा विभाग ने पिछले नौ महीनों में नागरिकों के लगभग 1000 करोड़ रुपये बचाए हैं। इसके अलावा विभिन्न बैंक खातों में धोखाधड़ी वाले लेनदेन से जुड़े 1008 करोड़ रुपये जब्त किए गए हैं। वैष्णव ने कहा, चक्षु में धोखाधड़ी की संदेह वाली चीजें रिपोर्ट की जा सकती हैं। इसमें व्यवसायिक संस्थानों की ओर से लीक किए गए मोबाइल नंबरों की रिपोर्ट भी की जा सकती है। दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने कहा कि पिछले नौ महीनों में दुर्भावनापूर्ण गतिविधियों से जुड़े एक करोड़ मोबाइल नंबर काट दिए गए हैं।

    विज्ञापन
    विज्ञापन

    शिकायत की ये श्रेणियां बनाईं

    • सेक्सटॉर्शन के कॉल या मैसेज, सरकारी अधिकारी या उसका रिश्तेदार बनकर बात करना, फर्जी कस्टमर केयर हेल्पलाइन से कॉल
    • बैंक, बिजली, गैस, इंश्योरेंस पॉलिसी आदि के लिए आने वाली कॉल
    • रोबोटिक या बार-बार की जा रही कॉल
    • ऑनलाइन नौकरी, लॉटरी, तोहफे, लॉन ऑफर के लिए आ रही फर्जी कॉल
    • संदेहास्पद वेबसाइट्स के लिंक वाले मैसेज
    • अन्य संदिग्ध फ्रॉड

    अपराधियों पर कार्रवाई, संदिग्ध नंबर होंगे बंद

    चक्षु प्लेटफॉर्म पर आई शिकायत की जांच कर अपराधियों को पकड़ा जाएगा और कार्रवाई की जाएगी। स्पैम कॉल करने वाले व अन्य संदिग्ध फोन नंबर बंद किए जाएंगे। इससे सरकार को साइबर खतरों पर समय रहते कार्रवाई करने में मदद मिलने की भी उम्मीद है।

    डिजिटल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म बनाया, सूचनाएं होंगी साझा

    सरकारी विभागों, एजेंसियों व अन्य संस्थाओं को विभिन्न जानकारियां और सूचनाएं सुरक्षित ढंग से आपस में साझा करने के लिए डिजिटल इंटेलिजेंसी प्लेटफॉर्म भी जारी किया। इससे विभागों के बीच समन्वय बेहतर होगा। खासतौर पर दूरसंचार सेवा प्रदाताओं, कानून अनुपालन एजेंसियों, बैंक व वित्तीय संस्थानों, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, पहचान पत्र जारी करने वाली एजेंसियों को मदद मिलेगी। यह प्लेटफॉर्म आम नागरिकों के लिए नहीं होगा, केवल संबंधित विभाग व एजेंसियां ही इसे उपयोग कर पाएंगे।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें