CES 2021: पहली बार होगा ऑनलाइन आयोजन, संक्रमण के कारण लेना पड़ा फैसला

मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस के बाद दूसरा सबसे बड़ा टेक इवेंट कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स शो (CES) पर भी कोरोना की मार पड़ी है। कोरोना संक्रमण के कारण मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस को रद्द करना पड़ा था, वहीं अब सीईएस 2021 का आयोजन ऑनलाइन करने का फैसला लिया गया है। यह पहला मौका है जब सीईएस का आयोजन ऑनलाइन करना पड़ रहा है। बता दें कि CES का आयोजन हर साल जनवरी में होता है।
CES 2021 के सीईओ और प्रेसिटेंड गैरी शापिरो ने एक वीडियो जारी करके इवेंट के वर्चुअल आयोजन के बारे में जानकारी दी है। गैरी शापिरो के वीडियो को सीईएस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से शेयर किया गया है। बता दें कि CES साल 2020 का पहला और आखिरी बड़ा टेक शो था जिसका आयोजन फिजिकल तौर पर हुआ था, हालांकि इसके बाद कई कंपनियों के मोबाइल लॉन्चिंग इवेंट का आयोजन ऑनलाइन ही किया गया है। CES 2021 का आयोजन छह जनवरी से नौ जनवरी 2021 के बीच होगा
गैरी शापिरो ने वीडियो में कहा है कि आगामी इवेंट का आयोजन पूरी तरह से डिजिटल होगा। हमारे प्रदर्शकों, साझेदारों और लीडर्स के पास पास अब दुनियाभर के डिजिटल दर्शकों को शामिल करने के लिए सोचने और इवेंट की तैयारी करने के लिए वक्त होगा। 50 से भी अधिक सालों से सीईएस इनोवेशन का एक मंच रहा है और ऑनलाइन आयोजन भी इसी का एक हिस्सा होगा।
आपको बता दें कि CES टेक्नोलॉजी के बड़े शोज में से एक है। इस इवेंट में दुनियाभर की टेक्नोलॉजी कंपनियां शामिल होती हैं और अपने अनोखे प्रोडक्ट से दुनिया को रूबरू करवाती हैं। इस इवेंट में कई नए इनोवेशन के बारे में दुनिया को पता चलता है।