BSNL Pay: रिचार्ज के लिए भटकने की झंझट खत्म, BSNL लाया इन-एप पेमेंट सिस्टम, Airtel-Jio पर भी नहीं ऐसी सुविधा
BSNL Pay launch:
बीएसएनएल ने अपने यूजर्स के लिए नया बीएसएनएल पे (BSNL Pay) फीचर लॉन्च कर दिया है। अब यूजर्स को रिचार्ज और बिल पेमेंट्स के लिए अलग-अलग एप्स पर नहीं भटकना पड़ेगा। जानिए बीएसएनएल का यह नया सिस्टम कैसे काम करेगा?

विस्तार
BSNL Selfcare App update:
अगर आप बीएसएनएल यूजर हैं और ऑनलाइन रिचार्ज करते समय पेमेंट पूरा करने के लिए बार-बार अलग-अलग पेमेंट एप्स पर स्विच करते हैं, तो समझिए आपकी समस्या खत्म हो चुकी है, क्योंकि भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने अपने ग्राहकों के लिए शानदार डिजिटल फीचर लॉन्च किया है। कंपनी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में इस नए फीचर की घोषणा करते हुए कहा कि सिर्फ अपना नंबर रिचार्ज करने के लिए एप्स के बीच स्विच करते-करते थक गए हैं? BSNL ने अभी-अभी इस समस्या को हल कर दिया है।
दरअसल बीएसएनएल ने अपने मुख्य एप के अंदर ही एक नया पेमेंट इंटीग्रेशन पेश किया है, यह यूजर्स को बिना किसी अन्य एप के सीधे बीएसएनएल सेल्फकेयर एप के अंदर ही रिचार्ज ट्रांजैक्शन को पूरा करने की आजादी देता है। कंपनी का कहना है कि यह फीचर मोबाइल रिचार्ज और बिल पेमेंट को आसान बनाने और इससे जुड़े यूजर्स को बेहतर एक्सपीरियंस देना है। यह प्रक्रिया पूरी तरह से BSNL के अपने एप्लिकेशन इकोसिस्टम के अंदर सुरक्षित है।
BHIM और UPI Lite का मिलेगा सपोर्ट
बीएसएनएल का यह नया प्लेटफॉर्म बेहद सुरक्षित और आधुनिक माना जा रहा है। बीएसएनएल पे को खासतौर से भीम यानी की BHIM (Bharat Interface for Money) के साथ साझेदारी में लॉन्च किया गया है और यह देश के मजबूत UPI इंफ्रास्ट्रक्चर का इस्तेमाल करता है। आपको बता दें इसमें कई नए फीचर्स जैसे AutoPay सपोर्ट, यूपीआई लाइट, बार-बार होने वाला रिचार्ज( Recurring Recharge) और तेज बिल पेमेंट सिस्टम को जोड़ा गया है।
AutoPay और UPI Lite जैसा एडवांस
- बार-बार रिचार्ज करने की सुविधा (Frequent Recharge):यह सुविधा उन यूजर्स के लिए बहुत उपयोगी हो सकती है, जो हर महीने खुद से मैन्युअली रिचार्ज किए बिना लगातार अनइंटरप्टेड सर्विस चाहते हैं।
- AutoPay सपोर्ट:इस फीचर की मदद से ग्राहक एप के अंदर ही अपने रिचार्ज रिन्यूअल या मासिक बिलों के पेमेंट को पूरी तरह से ऑटोमैटिक (Auto-Mode) बना सकते हैं, जिससे तय तारीख पर अपने आप पेमेंट हो सकता है।
- UPI Lite सपोर्ट:कम कीमत वाले (Small value) डिजिटल ट्रांजैक्शंस को सुपरफास्ट और बिना किसी पिन के आसान बनाने के लिए इसमें यूपीआई लाइट जैसे सपोर्ट भी जोड़े गए हैं, जिससे बैंक सर्वर डाउन होने पर भी पेमेंट फेल न हो।
क्या अभी सभी यूज़र्स को मिलेगा फीचर?
अगर आप बीएसएनएल यूजर हैं, तो बीएसएनएल सेल्फकेयर एप के जरिए इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। फिलहाल BSNL ने इस फीचर को लॉन्च कर दिया है और इसे धीरे-धीरे ज्यादा यूजर्स तक पहुंचाया जा सकता है।
Airtel. Jio, VI पर भी नहीं ये सुविधा
आमतौर पर देखा जाता है कि एयरटेल, जियो या वोडाफोन-आइडिया के सिम में रिचार्ज करते ही ये एप्स पेमेंट की बारी आने पर यूजर्स को फोन-पे, गूगल-पे या अन्य बैंकिंग एप्स पर रीडायरेक्ट कर देते हैं, लेकिन अब बीएसएनएल पे इस प्रक्रिया को बदलने को तैयार है। अब इसका पूरा पेमेंट सेल्फकेयर एप के अंदर ही होगा।