CES 2023: बायोनिक इंप्लांट बनेंगे दिव्यांगों की ताकत, हवा से पानी बनाने का मॉड्यूल और जीवन रक्षक रोबोट पेश
CES 2023: कंज्यूमर इलेक्ट्रिक शो में वाटरजेन ने चलती कार में हवा से पीने का पानी मुहैया कराने वाला मॉड्यूल पेश किया है। इसे वाटरजेन मोबाइल बॉक्स नाम दिया गया है। वहीं, ओपन बायोनिक ने मायोइलेक्ट्रिक सेंसर आधारित हीरो आर्म पेश किया है। इसकी मदद से बिना हाथ वाले दिव्यांग हाथ की कमी महसूस नहीं करेंगे।

विस्तार
पीने का पानी पूरी दुनिया के सामने मौजूद सबसे विकराल समस्याओं में से एक है। इस्राइली कंपनी वाटरजेन ने इस चुनौती का हल हवा से पानी बनाकर कंज्यूमर इलेक्ट्रिक शो में पेश किया है। कंपनी की अलग-अलग आकार की कई मशीनें, तो पहले से ही काम कर रही हैं।
कंज्यूमर इलेक्ट्रिक शो (सीईएस 2023) में वाटरजेन ने चलती कार में हवा से पीने का पानी मुहैया कराने वाला मॉड्यूल पेश किया है। इसे वाटरजेन मोबाइल बॉक्स नाम दिया गया है। इसकी मदद से कहीं भी कभी भी हवा की नमी से पीने का पानी तैयार किया जा सकता है। वहीं, हायपर विजन थ्रीडी ने दुनिया का पहला लगाओ और चलाओ (प्लग एंड प्ले) अंदाज वाला थ्रीडी होलोग्राम मॉड्यूल पेश किया है।
दिव्यांगों की राह के रोड़े दूर करेगा सेवो ब्रो
चलने में असमर्थ दिव्यांगों के लिए सेवो ने ब्रो व्हीलचेयर पेश की है। इसे चलाने के लिए किसी दूसरे व्यक्ति की जरूरत नहीं होगी। मोबाइल और एक छोटे से जॉयस्टिक से कंट्रोल होने वाली यह व्हीलचेयर दिव्यांग को सीढ़ियों सहित टेढ़े-मेढ़े रास्तों पर बिना किसी रुकावट के आगे ले जाने में मदद करेगी।
वाटरजेन मोबाइल बॉक्स
यह भविष्य में प्रचार और संचार की दुनिया को पूरी तरह बदल देने वाली तकनीक है। अरबपति कारोबारी मार्क क्यूबन इसे प्रमोट कर रहे हैं। कंपनी का दावा है, कई कंपनियां उनके उत्पादों का इस्तेमाल कर रही हैं।
दिमागी संकेतों को समझेगा हीरो आर्म
ओपन बायोनिक ने मायोइलेक्ट्रिक सेंसर आधारित हीरो आर्म पेश किया है। इसकी मदद से बिना हाथ वाले दिव्यांग हाथ की कमी महसूस नहीं करेंगे। यह दिमागी संकेतों को समझता है और तुरंत हरकत करने लगता है।
100 किमी की रफ्तार से उड़ने वाली बाइक:
जापानी स्टार्टअप एरविन्स ने पहली उड़ने वाली (हॉवरिंग) बाइक बनाई है। यह 40 मिनट तक 100 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से उड़ने में सक्षम है।
टैटू के दीवानों के लिए प्रिंटर:
थ्रीडी टैटू प्रिंटर से चुटकियों मे टैटू प्रिंट किया जा सकता है और इसे आसानी से मिटा भी सकते हैं।
बैक टू फ्यूचर से निकली डिलोरियन अल्फा-5
साल पहले आई फिल्म बैक टू फ्यूचर से प्रेरित डिलोरियन अल्फा 5 पूरी तरह इलेक्ट्रिक कार है। छोटे स्पेसशिप की तरह दिखने वाली यह कार, तीन सेकंड में 100 किमी की रफ्तार पकड़ लेती है। एक बार चार्ज करने पर करीब 485 किमी की दूरी तय कर सकती है। अधिकतम रफ्तार 250 किमी प्रतिघंटा। अमेरिकी कार निर्माता कंपनी डीएमसी सिर्फ 9,351 अल्फा-5 कारें बनाएगी।
पानी में डूबने से बचाएगा यू सेफ
लाइफ जैकेट जैसा दिखने वाला रिमोट कंट्रोल से संचालित रोबोट लोगों को डूबने से बचाएगा। मजबूत प्रोपल्सन सिस्टम की मदद से उफनते समुद्र में लहरों के ऊपर बना रहता है।