Bharat 5G Portal: दूरसंचार विभाग ने क्वांटम के लिए लॉन्च किया 5जी पोर्टल, IPR और 6जी शोध में भी मिलेगी मदद
सरकार ने भारत 5जी पोर्टल लॉन्च किया है। दूरसंचार विभाग ने कहा है कि इस पहल से 5जी, इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट (IPR) और 6जी तकनीक से जुड़े शोध में मदद मिलेगी।

विस्तार
Bharat 5G Portal:
दूरसंचार विभाग ने भारत 5जी पोर्टल लॉन्च किया है। भारत 5जी पोर्टल लॉन्च के बाद क्वांटम, इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट (IPR) और 6जी शोध में मदद मिलेगी। दूरसंचार सचिव नीरज मित्तल ने पोर्टल लॉन्च के बाद बताया कि अब सभी क्वांटम, आईपीआर, 5जी और 6जी नेटवर्क से जुड़े सभी काम इसी एकीकृत पोर्टल पर होंगे। मित्तल के मुताबिक 5जी रोलआउट दुनिया में सबसे तेजी से भारत में हो रहा है। उन्होंने बताया कि भारत का दूरसंचार नेटवर्क दुनिया में दूसरा सबसे बड़ा है।
दूरसंचार क्षेत्र में स्टार्टअप के लिए निवेश के बेहतर अवसर
दूरसंचार के क्षेत्र में स्टार्टअप्स के लिए बड़ी पहल करते हुए टेलिकॉम सेक्रेट्री मित्तल ने भावी स्टार्टअप्स से निवेशकों को जोड़ने वाली खास बैठक की शुरुआत भी की। इस बैठक का शीर्षक 'ब्रिजिंग ड्रीम्स एंड फंडिंग: वेंचर कैपिटल/निवेशकों को स्टार्टअप के भविष्य से जोड़ना' रखा गया है। विशेष बैठक के सत्र की शुरुआत के साथ ही अब दूरसंचार क्षेत्र में स्टार्टअप के लिए निवेश की बेहतर सुविधाएं भी मिलेंगी। इस सत्र के दौरान 26 स्टार्टअप ने अभिनव दूरसंचार उत्पादों पर प्रस्तुतियां दीं। बैठक में 10 से अधिक उद्यम पूंजीपतियों/निवेशकों ने भाग लिया।
दूरसंचार विभाग ने बताया कि सरकार अगली दूरसंचार प्रौद्योगिकी पर काम शुरू कर चुकी है। सरकार ने 6जी मोबाइल नेटवर्क के लिए पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने पर त्वरित अनुसंधान के लिए प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं। दूरसंचार सचिव नीरज मित्तल के मुताबिक यह वन-स्टॉप समाधान के रूप में काम करेगा। उन्होंने कहा कि 5जी नेटवर्क रोलआउट यानी इसके कार्यान्वयन में भारत दुनिया में सबसे आगे है।
मित्तल ने कहा, भारत के पास दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा दूरसंचार नेटवर्क है। बहुत कम समय में स्वदेशी 4जी/5जी प्रौद्योगिकी का विकास कर भारत ने पूरी दुनिया को 'आश्चर्यचकित' कर दिया है। उन्होंने कहा, 'भारत में आज एक लाख स्टार्टअप हैं। यह भारत के साथ सहयोग करने के लिहाज से दुनियाभर के देशों के लिए बड़ा अवसर है।
उन्होंने कहा, दुनिया ने महसूस किया है कि भारत एक विश्वसनीय भागीदार है। 5जी या 6जी तकनीक पर हर कोई अब भारत के साथ सहयोग करना चाहता है। दूरसंचार सचिव के मुताबिक, सरकार दूरसंचार क्षेत्र में स्टार्टअप के लिए निवेश की सुविधा भी मुहैया करा रही है।
सरकार का मानना है कि इस तरह की पहल तकनीकी उन्नति और दूरसंचार उद्योग के विकास के प्रति भारत की प्रतिबद्धता का सबूत है। दूरसंचार सचिव के मुताबिक, भारत तीसरा सबसे बड़ा तकनीकी स्टार्ट-अप इको-सिस्टम बना हुआ है। दूरसंचार सचिव मित्तल ने कहा कि विश्व स्तर पर, हमें अधिक स्टार्ट-अप की भागीदारी को प्रोत्साहित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय निर्माताओं के लिए नए व्यावसायिक अवसर पैदा करने की जरूरत है।