यूक्रेन के लिए वोडाफोन, AT&T समेत कई कंपनियों ने किए फ्री कॉलिंग का एलान, रोमिंग भी माफ हुआ

प्रदीप पाण्डेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, मास्को/कीवप्रदीप पाण्डेय
Tue, 01 Mar 2022 02:36 PM IST
सार

पिछले सप्ताह यूएस टेलीकॉम ग्रुप एटीएंडटी ने कहा था कि उसके यूएस कंज्यूमर और बिजनेस कस्टमर्स को 7 मार्च तक यूक्रेन में अनलिमिटेड लॉन्ग डिस्टेंस कॉलिंग की सुविधा मिलेगी।

AT AND T Deutsche Telekom Vodafone and with Other Telcos Allow Free Calls to Ukraine
deutsche telekom at&t - फोटो : social media

    विस्तार

    रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के बीच डॉयचे टेलीकॉम, एटीएंडटी और वोडाफोन समेत एक दर्जन से अधिक टेलीकॉम कंपनियों ने यूक्रेन को मुफ्त अंतरराष्ट्रीय कॉल की सुविधा देने का एलान किया है। इन कंपनियों ने रोमिंग शुल्क को भी खत्म कर दिया है।

    यूरोपीय दूरसंचार लॉबिंग समूह ईटीएनओ ने कहा कि एक आंतरिक सर्वेक्षण से पता चला है कि उसके कम-से-कम 13 सदस्य रूस के यूक्रेन पर हमले के बाद यूक्रेन के लोगों की मदद करने के लिए आगे आए हैं। आने वाले दिनों में अन्य कंपनियों और संस्थाओं से भी इसी तरह की उम्मीद है।

    जिन टेलीकॉम कंपनियों ने यूक्रेन में फ्री अंतरराष्ट्रीय कॉल के अलावा रोमिंग शुल्क को खत्म किए हैं उनमें डॉयचे टेलीकॉम, ऑरेंज, टेलीफोनिका, तेलिया कंपनी, ए 1 टेलीकॉम ऑस्ट्रिया ग्रुप, टेलीनॉर, प्रॉक्सिमस, केपीएन, वोडाफोन, विवाकॉम, टीआईएम टेलीकॉम इटालिया, अल्टिस पुर्तगाल और स्विसकॉम शामिल हैं।

    इनमें से कई कंपनियां पड़ोसी देशों में शरणार्थियों को मुफ्त सिम कार्ड मुहैया करा रही हैं। इसके अलाावा शरणार्थी शिविरों में मुफ्त वाई-फाई और एसएमएस डोनेशन भी चल रहा है। पिछले सप्ताह यूएस टेलीकॉम ग्रुप एटीएंडटी ने कहा था कि उसके यूएस कंज्यूमर और बिजनेस कस्टमर्स को 7 मार्च तक यूक्रेन में अनलिमिटेड लॉन्ग डिस्टेंस कॉलिंग की सुविधा मिलेगी।

    वहीं वेरिजॉन ने कहा है कि वह 10 मार्च तक लैंडलाइन और उपभोक्ता या व्यावसायिक वायरलेस फोन पर यूक्रेन से कॉल के लिए शुल्क माफ कर रहा है। वेरिजॉन ने यूक्रेन में अपने ग्राहकों के लिए वॉयस और टेक्स्ट रोमिंग शुल्क भी खत्म कर दिया है।