Apple ने लॉन्च किया लॉकडाउन फीचर, जानें कैसे करता है यह काम
एपल का लॉकडाउन मोड एपल के आईफोन iPhones, iPads और Macs के लिए काम करेगा। यह फीचर आईफोन पर आने वाले अटैचमेंट को ब्लॉक करता है।

विस्तार
एपल ने अपनी डिवाइस की प्रोटेक्शन के लिए लॉकडाउन फीचर लॉन्च कर दिया है। लॉकडाउन मोड सिक्योरिटी का एक नया लेयर है जिसे खासतौर पर उनके लिए तैयार किया गया है जिनके आईफोन या अन्य डिवाइस हमेशा हैकर के निशाने पर रहते हैं। लॉकडाउन मोड का उद्देश्य मानवाधिकार अधिवक्ताओं, राजनेता और अन्य वीआईपी लोगों की डिवाइस की सुरक्षा में एक नई लेयर को जोड़ना है।
एपल ने इस फीचर को पेगासस कांड के करीब दो साल बाद लॉन्च किया है। बता दें कि इस्रायल के NSO ग्रुप के पेगासस स्पाईवेयर के जरिए आईफोन में सेंध लगाई गई थी और कई बड़े बिजनेसमैन के अलावा सामाजिक कार्यकर्ता, राजनेता और पत्रकारों को निशाना बनाया गया। इसे जासूसी कांड को लेकर एपल को भी समन किया गया था। लॉकडाउन मोड आईओएस 16 के साथ मिलेगा।
एपल का लॉकडाउन मोड एपल के आईफोन iPhones, iPads और Macs के लिए काम करेगा। यह फीचर आईफोन पर आने वाले अटैचमेंट को ब्लॉक करता है। यह नया सिक्योरिटी मोड वायर के जरिए आईफोन में होने वाले फाइल ट्रांसफर को भी बंद करेगा। इस्रायल की एक अन्य फर्म Cellebrite आईफोन को एक्सेस करने के लिए मैनुअल कनेक्शन (वायर) का इस्तेमाल करती है।
Apple का कहना है कि उसने इस नए फीचर को "zero click" हैकिंग टेक्निक से बचाने के लिए पेश किया है। स्पाईवेयर कंपनियां भी आपात स्थिति में सिक्योरिटी को तोड़ने के लिए तमाम तरह के सॉफ्टवेयर तैयार कर रही हैं। एपल ने नए फीचर को लेकर कहा है कि यदि कोई सिक्योरिटी रिसर्चर इसमें खामी निकालता है तो उसे बतौर इनाम 2 मिलियन डॉलर यानी करीब 15 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। यह एपल के बग बाउंटी प्रोग्राम का हिस्सा होगा।