भारत में ऑनलाइन स्टोर खोलेगा एपल, सस्ते प्रोडक्ट का मिल सकता है तोहफा

टेक्नोलॉजी की दिग्गज कंपनी ने एपल ने आखिरकार भारत में ऑनलाइन स्टोर खोलने का फैसला ले लिया है। इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक सरकार ने विदेशी सिंगल ब्रैंड कंपनियों को सीधे वेब स्टोर से प्रॉडक्ट बेचने की इजाजत दे दी है। इसके बाद एपल ने ऑनलाइन स्टोर खोलने का फैसला लिया है।
बता दें कि भारत सरकार के नियम के मुताबिक टेक कंपनियों को कम-से-कम 30 प्रोडक्ट्स का उत्पादन भारत में करना होगा। ऐसे में ग्राहकों को भी सस्ते प्रोडक्ट का तोहफा मिल सकता है। वहीं भारत में अपने ऑनलाइन स्टोर को लेकर एपल को भी बिक्री बढ़ने की उम्मीद है, क्योंकि अब कंपनी भारत में आईफोन के साथ-साथ स्मार्टवॉच और अन्य प्रोडक्ट्स बेच सकेगी।
गौरतलब है कि Apple ने 10 सितंबर को होने वाली इवेंट के लिए मीडिया इनवाइट भेज दिया है। एपल का इवेंट 10 सितंबर को सिलिकॉन वैली कैंपस में होगा। इस इवेंट में आईफोन की 11 सीरीज लॉन्च होगी। बता दें कि हर साल एपल का एवेंट क्रिसमस हॉलिडे शॉपिंग सीजन से पहले होता है।
10 सितंबर को आयोजित होने वाले इवेंट में iPhone 11 के लॉन्च होने की उम्मीद की जा रही है। कहा जा रहा है कि इस बार भी पिछले साल की तरह आईफोन 11 सीरीज के तहत तीन आईफोन पेश होंगे। इनवाइट को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि एपल इस बार 5 रंगों में आईफोन पेश करेगा, क्योंकि एपल के लोगों में 5 रंग नजर आ रहे हैं जिनमें ग्रीन, ब्लू, येल्लो, रेड और पर्पल कलर शामिल हैं।