एपल और गूगल की सेवाओं में आई दिक्कत: आईक्लाउड से जीमेल तक के यूजर्स हुए परेशान, तकनीकी समस्या की शिकायत
एपल और गूगल की कई प्रमुख सेवाओं में एक साथ तकनीकी समस्याएं सामने आईं। यूजर्स ने आईक्लाउड, ऐप स्टोर, वॉलेट, जीमेल और गूगल सर्च इस्तेमाल करने में परेशानी की शिकायत की। डाउनडिटेक्टर के अनुसार, भारतीय समय के मुताबिक रात करीब 10 बजे से सेवाओं में व्यवधान की शिकायतें बढ़ने लगीं।

विस्तार
एपल और गूगल की कई प्रमुख सेवाओं में तकनीकी दिक्कतों के कारण यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा। आईक्लाउड, ऐप स्टोर और वॉलेट के साथ-साथ जीमेल और गूगल सर्च इस्तेमाल करने में भी समस्याएं सामने आईं।
आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, भारतीय समय के अनुसार रात करीब 10 बजे से सेवाओं में व्यवधान की शिकायतें बढ़ने लगीं। अगले एक घंटे के भीतर शिकायतों की संख्या बढ़कर करीब 1,500 से 2,000 तक पहुंच गई। यूजर्स ने अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कनेक्शन संबंधी दिक्कतों और अकाउंट में साइन-इन नहीं कर पाने की शिकायत की।
आईक्लाउड और एपल पे सबसे ज्यादा प्रभावित
डाउनडिटेक्टर के आंकड़ों के अनुसार, आईक्लाउड और एपल पे में सबसे ज्यादा परेशानी दर्ज की गई। इसके बाद जीमेल, गूगल सर्च और ऐप स्टोर को लेकर भी शिकायतें सामने आईं। यूजर्स ने लॉगिन करने, मैसेज भेजने, ईमेल इस्तेमाल करने और भुगतान करने में दिक्कत होने की जानकारी दी। कुछ लोगों ने फंड ट्रांसफर में भी परेशानी की शिकायत की। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इन सेवाओं में आई तकनीकी दिक्कतों का पूरा दायरा स्पष्ट नहीं है।एपल की किन सेवाओं पर पड़ा असर?
प्रभावित सेवाओं में एपल पे और एपल सपोर्ट भी शामिल हैं। हालांकि, एपल के आधिकारिक सिस्टम स्टेटस पेज पर इन सेवाओं को चालू बताया जा रहा था। कंपनी ने इस पेज पर तकनीकी व्यवधान को लेकर कोई सार्वजनिक जानकारी नहीं दी।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इस परेशानी का असर कितने यूजर्स पर पड़ा है। एपल की ओर से न तो तकनीकी खराबी की वजह बताई गई है और न ही सेवाएं पूरी तरह बहाल होने का कोई समय दिया गया है।
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने बताई परेशानी
कई यूजर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी परेशानी साझा की। एक यूजर ने लिखा कि एपल पे काम नहीं कर रहा है। वहीं, एक अन्य यूजर ने आईक्लाउड और एपल अकाउंट में साइन-इन करने में आ रही दिक्कत बताई। यूजर के मुताबिक, आईफोन पर बार-बार अकाउंट का पासवर्ड दोबारा दर्ज करने के लिए कहा जा रहा था, लेकिन सत्यापन पूरा नहीं हो रहा था। स्क्रीन पर 'वेरिफिकेशन फेल्ड-एन अननोन एरर ऑकर्ड' का संदेश दिखाई दे रहा था।
एक अन्य यूजर ने भी इस समस्या को लेकर नाराजगी जताई और कहा कि इससे काफी परेशानी हो रही है। यूजर्स एपल के आधिकारिक सिस्टम स्टेटस पेज पर जाकर सेवाओं की स्थिति और कंपनी की ओर से जारी होने वाले नए अपडेट देख सकते हैं।
एपल से पहले माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं हुई थीं ठप
हाल के दिनों में बड़ी टेक कंपनियों की सेवाओं में तकनीकी व्यवधान की यह दूसरी घटना है। इससे पहले पिछले सप्ताह माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक की सेवाएं भी बड़े स्तर पर प्रभावित हुई थीं। इसके एक दिन पहले जेपी मॉर्गन चेस में तकनीकी समस्या के कारण बैंकिंग सेवाओं में भी दिक्कत आई थी। इससे ऑनलाइन बैंकिंग तक पहुंच प्रभावित हुई और दूसरे बैंकों से जुड़े कुछ लेनदेन में देरी हुई थी।