Apple का मुनाफा 32 प्रतिशत बढ़ा, कुक ने कहा- भारत के लोगों से है बड़ी उम्मीद

लग्जरी स्मार्टफोन निर्माता ऐपल का शुद्ध मुनाफा चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में 32 प्रतिशत बढ़कर 14.13 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का राजस्व भी 20 प्रतिशत बढ़कर 62.9 अरब डॉलर रहा। हालांकि त्योहारी मौसम के हतोत्साह करने वाले पूर्वानुमान तथा आईफोन की बिक्री के आंकड़े अब नहीं जारी करने की घोषणा के बाद ऐपल के शेयर गिर गये। कंपनी का शेयर परिणाम की घोषणा के बाद 6.50 प्रतिशत गिरकर 207.78 डॉलर पर आ गया।
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टिम कुक ने कहा, ‘‘हम एक अन्य तिमाही में रिकॉर्ड तोड़ परिणाम की घोषणा कर उत्साहित हैं। यह ऐसे वित्त वर्ष में हुआ है जिसमें हमने दो अरबवां आईओएस डिवाइस बनाया, ऐप स्टोर की 10वीं वर्षगांठ मनायी और ऐपल के इतिहास में सबसे अधिक राजस्व व मुनाफा अर्जित किया।‘‘
ये भी पढ़ेंः WhatsApp पर उल्टे-सीधे मैसेज भेजने वाले सावधान, सरकार ने मांगी कंपनी से पहचान
उन्होंने परिणाम की घोषणा करते हुए बताया कि अब से कंपनी आईफोन या अन्य किसी उत्पाद की बिक्री की संख्या की जानकारी सार्वजनिक नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि इसके बजाय कंपनी राजस्व, मुनाफा और बिक्री लागत पर ध्यान केंद्रित करेगी। ऐपल के मुख्य वित्तीय अधिकारी लुसा माएस्ट्री ने कहा कि यह बदलाव उत्पादों की संख्या को देखते हुए किया गया है।
कुक ने कहा कि भारत में स्टोर खोलने तथा ऐपल के उत्पादों पर शुल्क को लेकर भारतीय अधिकारियों से बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं भारत पर काफी भरोसा करने वाला आदमी हूं। मुझे भारत और भारत के लोगों तथा वहां कंपनी के बेहतर प्रदर्शन करने की बेहद उम्मीद है।’’