New Apple Stores: एपल ने बंगलुरू और पुणे में लॉन्च किए नए स्टोर, भारत में कुल चार हुई स्टोर्स की संख्या

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Fri, 05 Sep 2025 11:09 AM IST
सार

Apple New Stores In Bengaluru And Pune:

Apple ने भारतीय ग्राहकों के लिए बड़ा ऐलान किया है। कंपनी ने बंगलुरू और पुणे में दो नए स्टोर लॉन्च कर दिए हैं। CEO टिम कुक ने सोशल मीडिया पर घोषणा करते हुए कहा कि भारत में Apple का अनुभव अब और मजबूत होगा।

apple launches new stores in bengaluru pune india ceo tim cook details
बंगलुरू और पुणे में खुला एपल स्टोर - फोटो : ANI

    विस्तार

    Apple ने भारतीय बाजार में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करते हुए बंगलुरू और पुणे में दो नए आधिकारिक स्टोर लॉन्च किए हैं। बंगलुरू का स्टोर Apple Hebbal नाम से Phoenix Mall of Asia में खोला गया है, जबकि पुणे का नया स्टोर Apple Koregaon Park इलाके में ग्राहकों के लिए खोला गया है। इन दोनों लॉन्च के साथ भारत में Apple के कुल स्टोर्स की संख्या अब चार हो गई है। इससे पहले कंपनी ने मुंबई में Apple BKC और दिल्ली में Apple Saket स्टोर की शुरुआत की थी।

    Apple के CEO टिम कुक ने इन स्टोर्स की घोषणा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर करते हुए कहा कि भारत में ग्राहकों तक Apple का बेहतरीन अनुभव पहुंचाने के लिए कंपनी बेहद उत्साहित है। उन्होंने दोनों नए स्टोर्स को भारत की तेजी से बढ़ती डिजिटल इकोनॉमी और यहां के ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

    ये प्रोडक्ट्स होंगे उपलब्ध

    इन स्टोर्स में ग्राहकों को iPhone, iPad, MacBook और Apple Watch समेत सभी प्रोडक्ट्स का पूरा कलेक्शन उपलब्ध है। इसके साथ ही Apple Specialists की टीम ग्राहकों को पर्सनलाइज्ड गाइडेंस देती है। ‘Today at Apple’ सत्रों के जरिए क्रिएटिविटी से जुड़ी ट्रेनिंग और वर्कशॉप्स भी आयोजित की जा रही हैं। आफ्टर-सेल्स सर्विस और रिपेयर सुविधाओं के जरिए Apple अपने ग्राहकों को भरोसेमंद सपोर्ट उपलब्ध कराता है।

    भारत Apple के लिए बेहद अहम बाजार बन चुका है। अमेरिका, चीन और जापान के बाद अब भारत 2024 में Apple का चौथा सबसे बड़ा वैश्विक बाजार बन गया। कंपनी लगातार भारत में विनिर्माण और निवेश बढ़ा रही है। यहीं नहीं, 2025 के अंत तक नोएडा और मुंबई में भी नए स्टोर्स लॉन्च किए जाने की योजना है, जिससे Apple की भारतीय रिटेल उपस्थिति और व्यापक हो जाएगी।

    एपल भारत में बढ़ा रही निवेष

    इन लॉन्च की घोषणा ऐसे समय पर हुई है जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक वार्ताएं चल रही हैं। विदेश मंत्री एस. जयशंकर पहले ही कह चुके हैं कि किसी भी समझौते पर निर्णय तभी होगा जब वह दोनों देशों के लिए समान रूप से लाभकारी हो। विश्लेषकों का मानना है कि Apple का भारत में बढ़ता निवेश और रिटेल विस्तार दोनों देशों के व्यापारिक रिश्तों को और गहराई दे सकता है।

    बेंगलुरु और पुणे में खुले ये नए स्टोर्स न केवल ग्राहकों के लिए प्रीमियम अनुभव लेकर आए हैं, बल्कि यह भी साबित करते हैं कि भारत अब Apple की वैश्विक रणनीति में एक अहम भूमिका निभा रहा है।