iOS 27 Update: एपल ने कर ली आईओएस 27 की तैयारी, जानें डिजाइन से लेकर फीचर्स तक क्या-क्या बदलेगा?

Suyash Pandey
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीSuyash Pandey
Mon, 16 Mar 2026 11:18 AM IST
सार

Apple iOS 27 Update:

एपल जल्द ही आईओएस 27 अपडेट जारी करने वाला है। इसमें कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं। साथ ही इसमें पुराने लिक्विड ग्लास डिजाइन को ही बेहतर बनाया जाएगा। यूजर्स को इसमें नए ट्रांसपेरेंसी कंट्रोल और साफ स्क्रीन विजिबिलिटी जैसे कई शानदार सुधार देखने को मिल सकते हैं।

विज्ञापन
Apple iOS 27 to Retain ‘Liquid Glass’ Design with New Transparency Controls: Report
आईओएस 27 - फोटो : एआई

    विस्तार

    एपल जल्द ही अपने आईफोन यूजर्स के लिए नया ऑपरेटिंग सिस्टम आईओएस 27 लाने वाला है। अगर आप सोच रहे हैं कि इस नए अपडेट से आपके फोन का लुक पूरी तरह बदल जाएगा तो ऐसा नहीं है। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी पिछले साल लाए गए अपने मशहूर 'लिक्विड ग्लास' डिजाइन को ही बरकरार रखेगी। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि इस नए अपडेट में यूजर्स को क्या-क्या नया मिलने वाला है।

    क्या है 'लिक्विड ग्लास' डिजाइन?

    एपल ने पिछले साल आईओएस 26 के साथ लिक्विड ग्लास डिजाइन पेश किया था। इसका मतलब है कि फोन की स्क्रीन के कई हिस्से पारदर्शी यानी हल्के आर-पार दिखने वाले कर दिए गए थे। इसमें आपके बटन, कीबोर्ड, एप आइकन और नोटिफिकेशन जैसे हिस्सों में कांच जैसा इफेक्ट दिखता है। कंपनी का मकसद फोन को एक मॉडर्न और स्टाइलिश लुक देना था। कुछ लोगों को यह नया लुक काफी पसंद आया, जबकि कुछ को यह थोड़ा कन्फ्यूजिंग लगा। फिर भी एपल इसे आगे जारी रखने वाला है।

    विज्ञापन

    लिक्विड ग्लास डिजाइन में अहम भूमिका निभाने वाले लीड बदले

    इस लिक्विड ग्लास डिजाइन को बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले एपल के डिजाइन लीड एलन डाई कंपनी छोड़कर मेटा में चले गए हैं। अब यह जिम्मेदारी स्टीव लेमे को दी गई है। इस बदलाव के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि एपल पूरा डिजाइन बदल देगा। लेकिन कंपनी इस डिजाइन को हटाने के बजाय इसमें मौजूद कमियों को सुधारने पर फोकस कर रही है।

    विज्ञापन
    विज्ञापन

    आईओएस 27 में मिलेंगे ये नए फीचर्स

    इस बार आईओएस 27 में किसी बड़े डिजाइन बदलाव की जगह, एपल यूजर एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए कई काम के और छोटे-छोटे सुधार कर रहा है। इसमें सबसे खास फीचर एक नया ट्रांसपेरेंसी कंट्रोल स्लाइडर हो सकता है। इसकी मदद से यूजर्स खुद यह तय कर पाएंगे कि उन्हें अपने फोन का लिक्विड ग्लास इफेक्ट कितना पारदर्शी रखना है। इसके अलावा, एपल स्क्रीन को और भी बेहतर और साफ बनाने पर काम कर रहा है। दरअसल, कई बार इस पारदर्शी लुक की वजह से टेक्स्ट या आइकन एक-दूसरे के ऊपर चढ़े हुए नजर आते हैं। नए अपडेट में इस समस्या को पूरी तरह से ठीक किया जाएगा, ताकि आपकी स्क्रीन पर मौजूद हर एक चीज एकदम साफ और स्पष्ट दिखाई दे।

    एपल इसी डिजाइन पर क्यों टिका है?

    आईओएस 26 के साथ आया डिजाइन एपल के लिए पिछले 10 वर्षों का सबसे बड़ा बदलाव था। कंपनी नहीं चाहती कि बार-बार बड़े बदलाव करके यूजर्स को परेशान किया जाए। वे चाहते हैं कि यूजर्स धीरे-धीरे इस नए लुक के अभ्यस्त हों। इसके अलावा, एपल अपने विजन प्रो जैसे दूसरे गैजेट्स में भी इसी तरह की पारदर्शी तकनीक का इस्तेमाल कर रहा है, इसलिए यह डिजाइन एपल के भविष्य के प्लान का एक अहम हिस्सा है।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें