Apple Inc.: एपल ने तेज कर दी है चीन में अपना कारोबार समेटने की रफ्तार

Harendra Chaudhary
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, ताइपेHarendra Chaudhary
Sat, 29 Apr 2023 05:33 PM IST
सार

Apple Inc.: भारत में भी एपल के निवेश में तेज बढ़ोतरी हुई है। फॉक्सकॉन ने आईफोन-14 एस का असेंबलिंग प्लांट चेन्नई में लगाया है। इसके अलावा वह कर्नाटक और तेलंगाना में भी अपने प्लांट लगाने की तैयारी में है...

विज्ञापन
Apple Inc. Plans to Move Production From China in fast pace
Apple Inc. - फोटो : Agency (File Photo)

    विस्तार

    एपल कंपनी ने चीन में अपना कारोबार समेटने का काम तेज कर दिया है। उसने अपने ठेके चीन से बाहर की कंपनियों को देने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसके लिए एपल की नजर ऐसे देशों पर है, जहां फैक्टरी लगाना सस्ता हो और जहां भू-राजनीतिक जोखिम कम हों। इस लिहाज से उसकी निगाह वियतनाम और भारत पर टिकी है।

    इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी क्वांटा कंप्यूटर एपल के मैकबुक का उत्पादन करने वाली प्रमुख कंपनी है। इसने इसी महीने एक करार पर दस्तखत किया है, जिसके तहत वह वियतनाम में अपना पहला संयंत्र लगाएगी। यह प्लांट नाम दिन्ह नाम की जगह पर लगाया जाएगा। क्वांटा के निदेशक सीटी हुआंग ने कहा है- हम जल्द से जल्द इस फैक्टरी को चालू करने के लिए संकल्पबद्ध हैं।

    विज्ञापन

    विश्लेषकों के मुताबिक उत्पादन को चीन से बाहर ले जाने की योजना वर्षों पुरानी है। इसकी एक वजह यह भी है कि चीन में अब पहले जितनी सस्ती मजदूरी नहीं रही। इससे वहां एपल के उत्पादों की लागत बढ़ गई है। इस बीच अमेरिका और चीन के बीच टेक्नोलॉजी संबंधी विवाद बढ़ता चला गया है। इसकी शुरुआत 2018 में हुई थी, जब तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन के खिलाफ व्यापार युद्ध शुरू किया था।

    विज्ञापन
    विज्ञापन

    वेबसाइट निक्कईएशिया.कॉम की एक रोपर्ट के मुताबिक वियतनाम में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) में स्थिर गति से बढ़ोतरी हुई है। पहले खासकर जापान और दक्षिण कोरिया जैसे देशों की कंपनियां वहां निवेश कर रही थीं। 2019 में वहां 38 बिलियन डॉलर की एफडीआई आई। यह एक दशक पहले की तुलना में 80 फीसदी ज्यादा थी। लेकिन कोरोना महामारी के समय इस ट्रेंड थम गया।

    जानकारों के मुताबिक अब क्वांटा का वियतनाम में संयंत्र खोलने का फैसला चीन पर निर्भरता घटाने की अमेरिकी कंपनियों की कोशिश का एक ठोस नतीजा है। ताइवान की एजेंसी ट्रेंडफोर्स के मुताबिक संभावना है कि क्वांटा 2025 तक अपने कुल उत्पादन का 30 फीसदी हिस्सा चीन से बाहर तैयार करने लगेगी।

    साल 2023 की पहली तिमाही में वियतनाम में ताइवानी कंपनियों के निवेश में 87 फीसदी तक का उछाल आया है। जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन के हनोई स्थित दफ्तर में कार्यरत अनुसंधानकर्ता रयोतारो हागीवारा ने निक्कई एशिया से कहा- खासकर उत्तरी वियतनाम एपल के उत्पादों का खास केंद्र बन गया है। आईफोन की असेंबलिंग करने वाली प्रमुख कंपनी फॉक्सकॉन वियतनाम के उत्तरी प्रांत बेक गियांग में भारी निवेश कर रही है।

    भारत में भी एपल के निवेश में तेज बढ़ोतरी हुई है। फॉक्सकॉन ने आईफोन-14 एस का असेंबलिंग प्लांट चेन्नई में लगाया है। इसके अलावा वह कर्नाटक और तेलंगाना में भी अपने प्लांट लगाने की तैयारी में है। ट्रेंडफोर्स का अनुमान है कि साल 2028 तक आईफोन का 30 से 35 फीसदी उत्पादन चीन के बाहर होने लगेगा।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें