Apple Car Key Feature: अब आपके iPhone से अनलॉक और स्टार्ट होगी आपकी Tata EV, एपल ला रहा है खास 'कार-की' फीचर

Suyash Pandey
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीSuyash Pandey
Tue, 21 Apr 2026 06:27 PM IST
सार

Apple Car Key Feature:

Apple अपने 'Car Key' फीचर को Tata Motors की इलेक्ट्रिक कारों में लाने की तैयारी कर रहा है। इस फीचर की मदद से यूजर्स अपने iPhone या Apple Watch से कार को लॉक, अनलॉक और स्टार्ट कर सकेंगे, जिससे फिजिकल चाबी की जरूरत खत्म हो जाएगी। आइए जानते हैं यह तकनीक कैसे काम करेगी और किन डिवाइसेज को मिलेगा इसका सपोर्ट।

Apple Car Key Support Coming to Tata EVs: Unlock Your Car with iPhone
एपल कार-की फीचर (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : एक्स

    विस्तार

    अगर आपके पास टाटा की इलेक्ट्रिक कार (ईवी) और एपल आईफोन है तो आपको चाबी की जरूरत नहीं पड़ेगी। आपका आईफोन ही आपकी टाटा ईवी के लिए चाबी का काम करेगा। एक ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, एपल अपने 'कार-की' फीचर का सपोर्ट टाटा की ईवी कारों में देने की तैयारी कर रहा है। एपल के बैकएंड डेटा से पता चला है कि टाटा ईवी अब उन गाड़ियों की इंटरनल लिस्ट में शामिल हो गई है, जिनमें यह फीचर मिलेगा। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि टाटा के किन मॉडल्स में यह सपोर्ट दिया जाएगा।

    क्या है एपल का 'कार-की' फीचर?

    एपल ने इस फीचर को 2022 में पेश किया था। इसकी मदद से यूजर्स अपने आईफोन या एपल वॉच के जरिए कार को लॉक, अनलॉक और स्टार्ट कर सकते हैं। यह फीचर कार की फिजिकल चाबी की जरूरत को खत्म कर देगा। इसके लिए कार के NFC रीडर या अल्ट्रा-वाइडबैंड तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है।

    इससे पहले एपल ने घोषणा की थी कि 13 कार ब्रांड्स को डिजिटल चाबी का सपोर्ट मिलेगा। इनमें टाटा ईवी के अलावा बीएमडब्ल्यू, किआ, ह्यूंदै, मर्सिडीज और वोल्वो जैसी दिग्गज कंपनियां शामिल हैं।

    एपल कार-की की खासियतें

    यह फीचर एपल वॉलेट एप के जरिए काम करता है, जो आपकी कार चलाने के अनुभव को पूरी तरह बदल देगा। अगर आपकी कार में लेटेस्ट अल्ट्रा-वाइडबैंड तकनीक मौजूद है तो आपको कार खोलने के लिए जेब से फोन निकालने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। कार के पास पहुंचते ही वह अपने आप अनलॉक हो जाएगी और आप अंदर बैठकर उसे स्टार्ट कर सकेंगे।

    इसमें मिलने वाला 'एक्सप्रेस मोड' इस प्रक्रिया को और भी आसान बना देता है, क्योंकि यह बिना फोन अनलॉक किए या फेस आईडी/टच आईडी की जरूरत के ही कार को एक्सेस करने की सुविधा देता है। सिर्फ इतना ही नहीं, आप अपनी कार की डिजिटल चाबी को एयरड्रॉप या किसी भी मैसेजिंग एप के जरिए अपने दोस्तों या परिवार के साथ शेयर भी कर सकते हैं और अपनी जरूरत के हिसाब से उन्हें कार इस्तेमाल करने की परमिशन दे सकते हैं।

    किन डिवाइस पर करेगा काम?

    एपल की यह खास सुविधा सभी पुराने डिवाइसेज पर उपलब्ध नहीं होगी। इसका लाभ उठाने के लिए आपके पास कम से कम आईफोन 11 या उसके बाद का कोई भी लेटेस्ट मॉडल होना जरूरी है। वहीं, अगर आप एपल वॉच इस्तेमाल करते हैं तो यह फीचर सीरीज 6 या उसके बाद के नए मॉडल्स को सपोर्ट करेगा। यानी केवल अपडेटेड हार्डवेयर वाले यूजर्स ही अपनी टाटा कार को डिजिटल चाबी से कंट्रोल कर पाएंगे।

    एपल की लीडरशिप में बड़ा बदलाव

    टाटा ईवी में 'कार-की' सपोर्ट की खबर ऐसे समय में आई है, जब एपल में एक बहुत बड़ा बदलाव होने जा रहा है। कंपनी ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है कि एपल के लंबे समय से सीईओ रहे टिम कुक अपना पद छोड़ रहे हैं। अब एपल की कमान हार्डवेयर इंजीनियरिंग के प्रमुख जॉन टर्नस को सौंपी जा रही है।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें