'मशीनों को नहीं सौंप सकते कमान': AI को इंसानों का कंट्रोल देने के आरोपों पर बोले एंथ्रोपिक CEO, क्या है मामला?

कुलदीप शर्मा
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीकुलदीप शर्मा
Thu, 26 Nov 2026 04:32 PM IST
सार
  • एंथ्रोपिक सीईओ डारियो अमोदेई ने AI को इंसानी नियंत्रण सौंपने की बात को बेतुका बताया।
  • उनका कहना है कि फैसले लेने का अधिकार इंसानों के पास रहना चाहिए।
  • जानिए AI के बढ़ते इस्तेमाल पर क्या सवाल उठाए?
Anthropic CEO Dario Amodei Rejects AI Control Over Humanity
एंथ्रोपिक के सीईओ डारियो अमोदेई - फोटो : X (@DarioAmodei)

    विस्तार

    आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की ताकत जैसे-जैसे बढ़ रही है, इंसानों के हाथ से इसका नियंत्रण निकलने की आशंका भी गहराने लगी है। अब इस बहस के बीच एंथ्रोपिक के CEO डारियो अमोदेई ने अपनी बात रखी है। उन्होंने उन दावों को सिरे से खारिज किया है, जिनमें कहा जा रहा है कि उनकी कंपनी भविष्य में इंसानों का नियंत्रण सुपरइंटेलिजेंट AI को सौंपना चाहती है।

    AI के हाथों में सत्ता सौंपने को बताया गलत

    डारियो अमोदेई ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबी पोस्ट लिखकर अपनी स्थिति साफ की। उन्होंने कहा कि इंसानों को कभी भी बेहतर कामकाज या सुरक्षा के नाम पर अपनी आजादी और फैसले लेने का अधिकार नहीं छोड़ना चाहिए। अमोदेई ने AI के जरिए शासन चलाने के विचार को भी गलत बताया। उनका कहना था कि जिस तरह किसी तानाशाही व्यवस्था को स्वीकार नहीं किया जा सकता, उसी तरह समाज का नियंत्रण AI के हाथों में देना भी उचित नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पुराने लेखों और इंटरव्यू को ध्यान से पढ़ने वाला कोई व्यक्ति उनकी सोच को गलत तरीके से नहीं समझेगा।

    दूसरी AI कंपनियों की चिंता के बाद आया बयान

    अमोदेई की यह प्रतिक्रिया एक्सियोस की एक रिपोर्ट के बाद आई है। इसमें दूसरी AI कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों की चिंता का जिक्र था कि गैर-जिम्मेदार तरीके से AI विकसित करने पर इंसानों की अपनी मर्जी से फैसले लेने की क्षमता खतरे में पड़ सकती है। रिपोर्ट में एंथ्रोपिक का नाम सीधे नहीं लिया गया था, लेकिन कंपनी के तेजी से आगे बढ़ते AI मॉडल Claude को देखते हुए आलोचना का इशारा उसी की तरफ माना गया। इससे पहले ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन और मेटा एआई प्रमुख एलेक्जेंडर वांग भी इस मुद्दे पर अपनी चिंता जाहिर कर चुके हैं।

    AI के बढ़ते इस्तेमाल पर क्या है बहस?

    • इंसानी नियंत्रण: सैम ऑल्टमैन का कहना है कि भविष्य से जुड़े फैसलों में इंसानों की भूमिका और अधिकार बने रहने चाहिए।
    • सुपरइंटेलिजेंट AI: एलेक्जेंडर वांग ने भी चेताया है कि समाज की कमान AI को सौंपना स्वीकार्य नहीं होना चाहिए।
    • तेजी से विकास: हालिया अध्ययनों में सामने आया है कि AI मॉडल इतनी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं कि इंजीनियरों और सुरक्षा विशेषज्ञों के लिए उनकी जांच करना मुश्किल हो रहा है।
    • खुद में सुधार: AI का अपनी क्षमता बढ़ाने के लिए खुद ही नए मॉडल विकसित करने का विचार भी चिंता का विषय बन रहा है।

    ऑटोमेशन और इंसानी नियंत्रण में क्या फर्क है?

    अमोदेई ने कहा कि AI से कुछ खास काम अपने आप करवाना और इंसानों से फैसले लेने का अधिकार छीन लेना दो अलग बातें हैं। उदाहरण के तौर पर AI कार चला सकता है, कैंसर की दवा तैयार करने में मदद कर सकता है या पूरा सॉफ्टवेयर लिख सकता है। इसका मतलब यह नहीं है कि इंसानों को अपने फैसले लेने की आजादी भी उसे दे देनी चाहिए। उन्होंने दूसरी AI कंपनियों पर भी निशाना साधा। उनके मुताबिक प्रतिस्पर्धी कंपनियां इंसानी नियंत्रण और AI को सिर्फ एक टूल बनाए रखने की बात तो करती हैं, लेकिन उनके प्रोडक्ट भी लगातार ज्यादा से ज्यादा काम खुद करने में सक्षम बनाए जा रहे हैं।

    खुद AI बनाने में भी इंसानी निगरानी जरूरी

    AI के खुद को बेहतर बनाने की प्रक्रिया को रिकर्सिव सेल्फ इम्प्रूवमेंट कहा जाता है। अमोदेई के मुताबिक, इस प्रक्रिया पर कुछ सीमाएं लगाना जरूरी हो सकता है। उन्होंने कहा कि क्लॉड को बिना इंसानी निगरानी और समझ के लगातार नए और ज्यादा शक्तिशाली AI मॉडल बनाने की पूरी छूट देना सुरक्षित नहीं होगा।