RTIHs: रतन टाटा इनोवेशन हब के शुभारंभ में पहुंचे सीएम चंद्रबाबू नायडू, रोबोडॉग ने अनोखे अंदाज में किया स्वागत
Ratan Tata Innovation Hub:
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अमरावती में रतन टाटा इनोवेशन हब का उद्घाटन किया। इस दौरान एक रोबोडॉग ने अनोखे अंदाज में उनका स्वागत किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

विस्तार
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को अमरावती में रतन टाटा इनोवेशन हब्स (RTIHs) का उद्घाटन किया। इस दौरान उनके स्वागत में लगाए गए एक रोबोडॉग का वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इस अवसर पर टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन और कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
रोबोडॉग ने स्वागत में जोड़े हाथ
जैसे ही सीएम इनोवेशन हब के मुख्य द्वार पर पहुंचे वहां एक रोबोडॉग पहले से ही उनका इंतजार कर रहा था। सीएम के आते ही रोबोडॉग अपने दो पैरों पर खड़ा हो गया और दो पैरों को जोड़कर सीएम को नमस्कार किया। इस रोबोडॉग को एक ऑपरेटर द्वारा कंट्रोलर डिवाइस से कंट्रोल किया जा रहा था।
बता दें कि सीएम नायडू ने अमरावती हब से वर्चुअल माध्यम से विशाखापट्टनम, राजमुंदरी, विजयवाड़ा, अनंतपुर और तिरुपति में स्थापित रतन टाटा इनोवेशन हब्स के जोनल सेंटर्स का भी शुभारंभ किया।
स्टार्टअप और इनोवेशन को मिलेगा बढ़ावा
टाटा समूह के पूर्व चेयरमैन रतन टाटा के नाम पर स्थापित इन इनोवेशन हब्स का उद्देश्य राज्य में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्टार्टअप्स को मार्गदर्शन प्रदान भी प्रदान करना है।
इन पांच जोनल सेंटर्स का संचालन और मार्गदर्शन प्रतिष्ठित बिजनेस समूहों द्वारा किया जाएगा, जिससे उभरते क्षेत्रों में तकनीकी और कौशल विकास को प्रोत्साहन मिलेगा।