भारत में सैटेलाइट इंटरनेट का नया दावेदार: एलन मस्क के बाद अब जेफ बेजोस भी लगाएंगे दांव, एयरटेल से बातचीत शुरू

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Tue, 17 Nov 2026 12:05 PM IST
सार
  • भारत में सैटेलाइट इंटरनेट कारोबार को लेकर अमेजन और भारती ग्रुप के बीच बड़ी साझेदारी हो सकती है।
  • इस डील से जेफ बेजोस की कंपनी अमेजन लियो को भारत में सेवाएं शुरू करने के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर और स्थानीय सहयोग मिल सकता है।
  • इससे एलन मस्क की स्टारलिंक और जियो के साथ मुकाबला और दिलचस्प होगा।
amazon bharti airtel partnership for satellite internet india starlink competition
सैटेलाइट (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : AI

    विस्तार

    भारती ग्रुप की टेलीकॉम कंपनी एयरटेल भारत में अमेजन की मदद से सैटेलाइट इंटरनेट सेवा शुरू कर सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों कंपनियों के बीच इस सेक्टर में सहयोग को लेकर बातचीत उच्च स्तर पर पहुंच गई है। इस संभावित डील से अमेजन को भारत में अपनी सैटेलाइट इंटरनेट सेवा शुरू करने में मदद मिल सकती है। वहीं, एलन मस्क की स्टारलिंक को इस बाजार में नई चुनौती मिलेगी।

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बातचीत का नेतृत्व भारती एयरटेल के एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन गोपाल विट्टल कर रहे हैं। प्रस्तावित साझेदारी के तहत भारती ग्रुप भारत में अमेजन की सैटेलाइट कम्युनिकेशन कंपनी अमेजन लियो के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर और ग्राउंड गेटवे के मैनेजमेंट में मदद कर सकता है। इससे कंपनी को जरूरी मंजूरियां हासिल करने में भी आसानी हो सकती है।

    वनवेब में भी हिस्सेदारी रखता है भारती ग्रुप

    भारती ग्रुप के चेयरमैन सुनील मित्तल पहले ही संकेत दे चुके हैं कि कंपनी अपना अलग सैटेलाइट नेटवर्क खड़ा करने के बजाय ग्लोबल कंपनियों के साथ साझेदारी को प्राथमिकता देगी। भारती ग्रुप की यूटेलसैट वनवेब में करीब 18 फीसदी हिस्सेदारी है। मित्तल ने इसमें हिस्सेदारी बढ़ाकर 30 फीसदी करने की इच्छा भी जताई है, लेकिन कंपनी में मेजोरिटी कंट्रोल लेने की योजना नहीं है।

    इस साझेदारी से दोनों कंपनियों को फायदा हो सकता है। अमेजन को भारत में जरूरी मंजूरियां हासिल करने में लगने वाला समय कम करने में मदद मिल सकती है, जबकि एयरटेल को अतिरिक्त सैटेलाइट क्षमता मिल सकती है।

    स्टारलिंक और जियो को मिलेगी चुनौती

    भारत के सैटेलाइट इंटरनेट बाजार एंट्री लेने के लिए अमेरिकी कारोबारी एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक भरपूर कोशिश कर रही है। वहीं, इस क्षेत्र में यूटेलसैट वनवेब और रिलायंस जियो जैसी कंपनियां भी अपनी दावेदारी साबित करने की तैयारी कर रहीं हैं। अमेजन लियो की एंट्री से इन कंपनियों के बीच मुकाबला और तेज हो सकता है।

    अमेजन भारत में अपने नेटवर्क के लिए 3 टेराबिट प्रति सेकंड क्षमता की मंजूरी मांग रही है। वहीं, स्टारलिंक को 600 गीगाबिट प्रति सेकंड (Gbps) क्षमता की मंजूरी मिली है। जियो भी अपने सैटेलाइट नेटवर्क के लिए 3.5 Tbps क्षमता हासिल करने की योजना बना रहा है।

    7,700 से ज्यादा सैटेलाइट तैनात करने का प्लान

    अमेजन अपने सैटेलाइट इंटरनेट नेटवर्क के शुरुआती चरण में 3,236 लो अर्थ ऑर्बिट (LEO) सैटेलाइट तैनात करना चाहती है। आगे चलकर इनकी संख्या 7,700 से ज्यादा करने की योजना है। हालांकि, भारत में सैटेलाइट इंटरनेट सेवाएं शुरू करने के लिए सुरक्षा मंजूरी और स्पेक्ट्रम आवंटन जैसी प्रक्रियाएं अभी बाकी हैं। ऐसे में अमेजन और भारती ग्रुप के बीच बातचीत का नतीजा इस बाजार की आगे की दिशा तय करने में अहम हो सकता है। फिलहाल दोनों कंपनियों के बीच अंतिम समझौते की शर्तों पर फैसला नहीं हुआ है।

    और पढ़ें...