5G In India: एयरटेल का दावा- एक महीने में देश में शुरू हो जाएगा 5जी

विशाल मैथिल
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीविशाल मैथिल
Wed, 10 Aug 2022 01:05 PM IST
सार

एयरटेल के सीईओ ने कहा कि हम अगस्त में 5जी को लॉन्च करने पर विचार कर रहे हैं और इसके बाद बहुत जल्द इसे पूरे देश में रोल आउट करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि देश में टेलीकॉम सर्विस की कीमत बहुत कम है और इसे बढ़ाने की अवश्यकता है।

airtel set to launch 5G In India this month said CEO Gopal Vittal
Airtel 5G - फोटो : amarujala

    विस्तार

    भारती एयरटेल इसी महीने देश में 5G सर्विस शुरू करने वाला है। साथ ही एयरटेल ने मार्च 2024 तक पूरे देश में 5G सर्विस को कवर का दावा किया है। एयरटेल के सीईओ गोपाल विट्टल ने सोमवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि हम अगस्त में 5जी को लॉन्च करने पर विचार कर रहे हैं और इसके बाद बहुत जल्द इसे पूरे देश में रोल आउट करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि देश में टेलीकॉम सर्विस की कीमत बहुत कम है और इसे बढ़ाने की अवश्यकता है। इसके अलावा दूरसंचार राज्य मंत्री देवुसिंह चौहान ने भी एक महीने में 5जी सर्विस शुरू होने की उम्मीद जताई है।

    आपको बता दें कि पिछले हफ्ते भी एयरटेल की ओर से अगस्त में 5जी सर्विस शुरू करने का दावा किया गया था। कंपनी ने कहा था कि उन्होंने भारत में 5जी सर्विस के लिए एरिक्शन, नोकिया और सैमसंग के साथ पार्टनरशिप भी की है। विट्टल ने सोमवार को एयरटेल के अर्निंग कॉल के दौरान कहा कि हम भारत के लगभग 5 हजार शहरों के लिए 5जी रोलआउट के लिए योजना बना रहे हैं। यह हमारे अब तक के इतिहास में सबसे बड़ा रोलआउट होगा।

    इसके अलावा दूरसंचार राज्य मंत्री देवुसिंह चौहान ने भी एक महीने में देश के बड़े हिस्सों में 5जी सर्विस शुरू होने की उम्मीद जताई है। उन्होंने कहा कि हाई स्पीड इंटरनेट के लिए तैयार रहिए, अगले महीने तक देश में 5जी सर्विस शुरू होने की पूरी उम्मीद है।