AI बनाम टैलेंट: 13 अरब डॉलर के लिए जंग! मशीनों से अपनी पहचान बचाने उतरे असली कलाकार, किसकी होगी जीत?
AI Vs Human Creativity:
हॉलीवुड और बॉलीवुड अब एक नई लड़ाई में साथ खड़े हैं। यह जंग फिल्म या संगीत की नहीं, बल्कि इंसान की असली क्रिएटिविटी को बचाने के लिए है। लगभग 13 अरब डॉलर की इस इंडस्ट्री में AI का आक्रामक विस्तार कलाकारों की आवाज, चेहरा और कल्पना को खतरे में डाल रहा है।

विस्तार
तकनीक की दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जितनी तेजी से आगे बढ़ रही है, उतनी ही गहराई से यह हमारी क्रिएटिव इंडस्ट्री को चुनौती दे रही है। आज AI इतना सक्षम हो चुका है कि वह किसी इंसान की आवाज, चेहरा, एक्सप्रेशन और यहां तक कि उसकी सोचने की शैली तक को कॉपी कर सकता है। इसी वजह से हॉलीवुड और बॉलीवुड दोनों अब कला की मौलिकता की रक्षा के लिए एक ही मोर्चे पर उतर आए हैं।
क्यों शुरू हुई ये जंग?
कुछ साल पहले तक AI सिर्फ एक टूल था जिसका इस्तेमाल स्क्रिप्टिंग, एडिटिंग या CGI के लिए किया जा रहा था। लेकिन अब यह क्रिएटर बन गया है। आज AI की मदद से कोई भी सिस्टम किसी सिंगर की आवाज को रीक्रिएट कर सकता है, किसी एक्टर का डिजिटल क्लोन बना सकता है या किसी संगीतकार की धुन को हूबहू तैयार कर सकता है।
समस्या यह है कि ऐसा अक्सर बिना असली क्रिएटर की अनुमति और बिना भुगतान के किया जा रहा है। यानी असली कलाकार का काम मशीनों के जरिए दोबारा इस्तेमाल हो रहा है और वह भी बिना उसका श्रेय दिए। यही कारण है कि दुनिया की सबसे बड़ी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्रीज अब सरकारों से अपील कर रही हैं कि इस पर स्पष्ट नियम और सीमाएं तय की जाएं।

हॉलीवुड और बॉलीवुड का एकजुट होने के क्या हैं मायने?
यह पहली बार है जब दोनों इंडस्ट्रीज किसी फिल्म या कंटेंट के लिए नहीं, बल्कि कानूनी और नैतिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट हुई हैं। नेटफ्लिक्स, वॉर्नर ब्रदर्स, यूनिवर्सल और भारत के कई बड़े प्रोड्यूसर्स मिलकर यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि कोई भी AI मॉडल बिना अनुमति किसी कलाकार के चेहरे, आवाज या गाने का इस्तेमाल न करें। यह मुद्दा सिर्फ रॉयल्टी का नहीं है, बल्कि यह इंसान की पहचान और बौद्धिक संपदा की रक्षा का सवाल है।
भारत के कॉपीराइट कानून की सबसे बड़ी कमी
भारत में कॉपीराइट ऐक्ट 1957 के तहत रचनात्मक कार्यों की सुरक्षा की व्यवस्था है, लेकिन उसमें AI से बनी रचनाओं पर स्वामित्व को लेकर कोई स्पष्टता नहीं है। उदाहरण के तौर पर, अगर एक मशीन किसी सिंगर की आवाज को सीखकर नया गाना बना दे, तो उस गाने का मालिक कौन होगा? वर्तमान कानून में न तो AI को क्रिएटर माना गया है और न ही उसके जरिए बनाए गए काम का अधिकार मूल कलाकार को देने का कोई प्रावधान है। यही कारण है कि भारतीय फिल्म इंडस्ट्री अब सरकार से एक नई कॉपीराइट पॉलिसी की मांग कर रही है।

AI कंटेंट इंडस्ट्री हर साल अरबों डॉलर का बिजनेस कर रही है। टेक कंपनियों का कहना है कि AI से इनोवेशन तेज होगा और नए कलाकारों को मौके मिलेंगे। लेकिन कलाकारों का विरोध है कि अगर मशीनें उनकी कला को सीखकर खुद प्रोड्यूस करने लगीं, तो असली टैलेंट का कोई महत्व नहीं रह जाएगा। यह संघर्ष सिर्फ कलाकार बनाम मशीन नहीं है, बल्कि यह इंसान की रचनात्मकता को बचाने की जंग है।
असली और नकली में फर्क होगा मुश्किल
सोचिए, भविष्य में अगर आपका पसंदीदा एक्टर स्क्रीन पर दिखे, तो आप यह कैसे जानेंगे कि वह असली है या AI द्वारा जनरेट किया गया वर्जन? यह स्थिति केवल नैतिक नहीं बल्कि सामाजिक खतरे भी पैदा कर सकती है। फेक न्यूज, डीपफेक वीडियो और डिजिटल मैनिपुलेशन के ज़रिए समाज में भ्रम और गलत सूचना फैलने का खतरा बढ़ जाएगा।
भारत का सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय इस समय AI और कॉपीराइट पर नई नीति तैयार कर रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इसी दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं। अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ अब ऐसे कानून बना रहे हैं जो AI की स्वतंत्रता और क्रिएटर्स के अधिकारों के बीच संतुलन बना सकें। आखिरकार यह फैसला आने वाले दशक की दिशा तय करेगा कि क्या इंसानी कलाओं को सुरक्षित रखने के लिए कानून लाया जाएगा या मशीने कलाकारों की जगह ले लेंगी?