अमेजन बनाम मेटा: क्या एआई एजेंट बदल देंगे ऑनलाइन शॉपिंग की पूरी तस्वीर? सत्य नडेला ने अमेजन को क्यों दी नसीहत?

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Mon, 23 Nov 2026 03:42 PM IST
सार
  • अमेजन ने मेटा के म्यूज एआई एजेंट को अपनी वेबसाइट पर ब्लॉक कर दिया है।
  • कंपनी का आरोप था कि यह बिना अनुमति उसकी वेबसाइट पर पहुंच रहा था।
  • अमेजन ने इसे ग्राहकों के अकाउंट और लॉगिन क्रेडेंशियल की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बताया।
ai shopping agents amazon meta muse satya nadella Microsoft online shopping
अमेजन ने मेटा के एआई एजेंट को किया ब्लॉक। - फोटो : अमर उजाला

    विस्तार

    अब तक ऑनलाइन शॉपिंग के लिए ग्राहक खुद वेबसाइट खोलते हैं, प्रोडक्ट खोजते हैं और अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कीमतों की तुलना करते हैं। लेकिन एआई एजेंट इस पूरे तरीके को बदल सकते हैं। ये एजेंट यूजर की जरूरत समझकर उसके लिए प्रोडक्ट खोजने से लेकर खरीदारी तक का काम कर सकते हैं। इसी तकनीक को लेकर अमेजन और मेटा के बीच टकराव सामने आया है। माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला ने भी इस बहस में अपनी राय रखी है। उनका कहना है कि एआई एजेंट को रोकने वाली कंपनियां ग्राहकों को अपने प्रतिस्पर्धियों के पास जाने का मौका दे सकती हैं।

    एआई एजेंट को लेकर अमेजन और मेटा में क्यों छिड़ी जंग?

    • यह पूरा मामला मेटा के एआई एजेंट म्यूज (Muse) से जुड़ा है। मेटा ने म्यूज को इस तरह तैयार किया है कि यह यूजर की तरफ से अलग-अलग वेबसाइट और एप पर जाकर काम कर सके। इसके लिए यह अपने ब्राउजर वाले एक वर्चुअल कंप्यूटर का इस्तेमाल करता है। यानी यूजर को हर वेबसाइट खुद खोलने और प्रोडक्ट खोजने की जरूरत नहीं पड़ती।
    • सितंबर में अमेजन ने मेटा के म्यूज को अपनी वेबसाइट पर एक्सेस करने से रोक दिया था। अमेजन का आरोप था कि यह एआई एजेंट बिना अनुमति उसकी वेबसाइट पर पहुंच रहा था और खुद को एआई एजेंट के रूप में पहचान भी नहीं रहा था। कंपनी ने इसे ग्राहकों के अकाउंट और लॉगिन क्रेडेंशियल की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बताया।
    • मेटा का कहना है कि म्यूज खरीदारी से पहले यूजर की मंजूरी लेता है और उसके द्वारा किए गए कामों का रिकॉर्ड भी दिखाता है। कंपनी ने इसमें Shop Pay और PayPal जैसे पेमेंट विकल्प जोड़ने की योजना भी बताई है। मेटा के मुताबिक, म्यूज को Shopify के प्रोडक्ट कैटलॉग तक भी पहुंच मिल चुकी है।

    सत्या नडेला ने अमेजन को क्या चेतावनी दी?

    • इस विवाद पर माइक्रोसॉफ्ट सीईओ सत्या नडेला ने द न्यूयॉर्क टाइम्स के डीलबुक समिट में बात की। पत्रकार एंड्रयू रॉस सॉर्किन के साथ बातचीत में उनसे अमेजन के विज्ञापन कारोबार और मेटा के एआई एजेंट को ब्लॉक करने के फैसले पर सवाल पूछा गया।
    • नडेला ने कहा कि अगर कोई कंपनी एआई एजेंट को अपने प्लेटफॉर्म पर स्वीकार नहीं करती है, तो कोई दूसरी कंपनी ऐसा जरूर करेगी। उन्होंने कहा, "अगर अमेजन ऐसा नहीं करता है, तो 'शॉप' करेगा।"
    • नडेला ने यहां 'शॉप' का नाम लिया, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया कि उनका इशारा Shopify की तरफ था या किसी दूसरे प्लेटफॉर्म की ओर। हालांकि, Shopify पहले से ही एआई के जरिए खरीदारी का विकल्प विकसित कर रहा है। इसके तहत योग्य मर्चेंट अपने प्रोडक्ट माइक्रोसॉफ्ट कोपायलट के जरिए ग्राहकों को दिखा सकते हैं। कुछ मामलों में ग्राहक चैट के भीतर ही पेमेंट और डिलीवरी की जानकारी देकर खरीदारी पूरी कर सकते हैं।
    • नडेला की बात का सीधा मतलब यह है कि अगर कोई बड़ा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म AI एजेंट के लिए अपने दरवाजे बंद रखता है, तो ग्राहक ऐसे दूसरे प्लेटफॉर्म को चुन सकते हैं जहां AI की मदद से खरीदारी करना आसान हो।

    क्या अमेजन का अपना एआई शॉपिंग एजेंट है?

    • दिलचस्प बात यह है कि अमेजन खुद भी एआई की मदद से खरीदारी को आसान बनाने पर काम कर रहा है। कंपनी अपने एप और वेबसाइट पर एलेक्सा फॉर शॉपिंग नाम का एजेंट देती है। इसकी मदद से ग्राहक अलग-अलग प्रोडक्ट की तुलना कर सकते हैं, कीमतों पर नजर रख सकते हैं, शॉपिंग कार्ट तैयार कर सकते हैं और नियमित खरीदारी के कुछ काम ऑटोमेट कर सकते हैं।
    • वहीं, Shopify अपने मर्चेंट को Copilot के जरिए ग्राहकों तक पहुंचने का विकल्प दे रहा है। ग्राहक चैट में प्रोडक्ट खोज सकते हैं और योग्य स्टोर पर खरीदारी की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इस तरह मेटा, अमेजन और Shopify तीनों एआई एजेंट के जरिए ऑनलाइन शॉपिंग के अनुभव को बदलने की दिशा में काम कर रहे हैं।

    एआई एजेंट से कैसे प्रभावित होगा कंपनियों का विज्ञापन कारोबार?

    • सत्या नडेला की चिंता सिर्फ इस बात तक सीमित नहीं है कि कौन-सी कंपनी एआई एजेंट को अपनी वेबसाइट पर आने देगी। उनके मुताबिक, यह तकनीक ऑनलाइन कारोबार की कमाई का तरीका भी बदल सकती है।
    • फिलहाल ई-कॉमर्स कंपनियां ग्राहकों को अपनी वेबसाइट पर लाने के लिए विज्ञापन दिखाती हैं। ग्राहक वेबसाइट पर पहुंचने के बाद अलग-अलग प्रोडक्ट देखते हैं, सुझावों पर क्लिक करते हैं और फिर खरीदारी करते हैं। इस दौरान कंपनियों को विज्ञापन दिखाने और ग्राहकों को दूसरे प्रोडक्ट सुझाने के कई मौके मिलते हैं।
    • लेकिन AI एजेंट इस प्रक्रिया को छोटा कर सकता है। उदाहरण के लिए, अगर कोई ग्राहक AI से कहता है कि उसे 30 हजार रुपये के बजट में एक स्मार्टफोन चाहिए, तो एजेंट अलग-अलग वेबसाइट पर उपलब्ध फोन खोजकर उनकी कीमत और फीचर्स की तुलना कर सकता है। इसके बाद वह ग्राहक को सीधे खरीदारी के विकल्प तक पहुंचा सकता है।
    • ऐसी स्थिति में ग्राहक को कई वेबसाइट पर जाने की जरूरत नहीं होगी। इससे कंपनियों के लिए विज्ञापन दिखाने के मौके कम हो सकते हैं। नडेला के मुताबिक, आने वाले समय में कंपनियों को क्लिक या हर ट्रांजैक्शन के आधार पर कमाई के मॉडल पर ज्यादा ध्यान देना पड़ सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि जो कंपनियां अपने पुराने बिजनेस मॉडल से चिपकी रहेंगी, उन्हें बदलते बाजार के साथ तालमेल बैठाने में मुश्किल हो सकती है।

    एआई से गलती हुई तो जिम्मेदारी किसकी होगी?

    • एआई एजेंट के जरिए खरीदारी बढ़ने के साथ एक और बड़ा सवाल सामने आएगा। अगर कोई एजेंट ग्राहक की तरफ से गलत प्रोडक्ट ऑर्डर कर देता है, गलत भुगतान करता है या किसी अकाउंट से जुड़ी जानकारी का गलत इस्तेमाल होता है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? क्या इसके लिए एआई एजेंट बनाने वाली कंपनी जिम्मेदार होगी, रिटेलर जिम्मेदारी लेगा या फिर ग्राहक को ही जवाबदेह माना जाएगा? नडेला ने भी इस मुद्दे को उठाया। उन्होंने सवाल किया कि जब ग्राहक की जगह एआई एजेंट काम करेगा, तो किसी गड़बड़ी की स्थिति में जिम्मेदारी किस पर आएगी।
    • आने वाले समय में एआई एजेंट के लिए साझा सिस्टम के जरिए अलग-अलग कंपनियों से जुड़ना और खरीदारी करना संभव हो सकता है। लेकिन इसके लिए कंपनियों को यह तय करना होगा कि वे एआई एजेंट को अपने प्लेटफॉर्म पर कितना एक्सेस देंगी और ग्राहक की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित करेंगी।
    • फिलहाल अमेजन और मेटा के बीच हुआ यह विवाद एक बड़े बदलाव की ओर इशारा करता है। ऑनलाइन शॉपिंग में मुकाबला अब सिर्फ बेहतर प्रोडक्ट, कम कीमत और तेज डिलीवरी तक सीमित नहीं रहेगा। एआई एजेंट को अपनाना, ग्राहकों का भरोसा जीतना और खरीदारी की जिम्मेदारी तय करना भी कंपनियों के लिए उतना ही अहम होगा।
    और पढ़ें...