Adani Airport: अदाणी एयरपोर्ट्स ने AIONOS के साथ मिलाए हाथ, एआई बेस्ड सिस्टम से यात्रियों की यात्रा बनेगी सुखद
भारत में अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड ने AIONOS के साथ साझेदारी की है। दोनों कंपनियां मिलकर ऐसा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) बेस्ड सिस्टम लागू करने जा रही हैं, जो देश में हवाई यात्रा के अनुभव को और आसान बनाएगा।

विस्तार
भारत में हवाई यात्रा के अनुभव को और आसान बनाने के लिए अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) ने AIONOS के साथ साझेदारी की है। दोनों कंपनियां मिलकर ऐसा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) बेस्ड सिस्टम लागू करने जा रही हैं, जो यात्रियों को पर्सनलाइज्ड और एक से ज्यादा भाषाओं का उपयोग करते हुए बातचीत करने, समझने, पढ़ने और लिखने का अनुभव देगा।
इंटरग्लोब एंटरप्राइजेज के हिस्से AIONOS को इस साझेदारी के तहत यात्रियों को हर चरण पर लगातार और आसान डिजिटल अनुभव मुहैया कराएगा। कंपनियों ने इस करार पर गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हस्ताक्षर किए।
कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि, 'एआई संचालित यह समाधान 24x7 एक इंटेलिजेंट कंसीयर्ज की तरह काम करेगा, जिससे कई भाषाओं में यात्रियों को फ्लाइट अपडेट, गेट की जानकारी, बैगेज स्टेटस, दिशा-निर्देश और एयरपोर्ट सेवाओं की जानकारी तुरंत मिल सकेगी।' कंसीयर्ज एक तकनीकी रूप से उन्नत, बुद्धिमान और व्यक्तिगत एआई सहायक होता है। यह एक ग्राहक के लिए सक्रिय रूप से नियुक्त किया जाता है।
इस सेवा की शुरुआत अंग्रेजी और हिंदी समेत कई भारतीय भाषाओं में की जाएगी। AIONOS के एजेंटिक एआई प्लेटफॉर्म की मदद से अदाणी एयरपोर्ट्स यात्रियों और कर्मचारियों से वॉइस, चैट और मोबाइल जैसे विभिन्न माध्यमों पर बातचीत कर सकेंगे। AAHL के सीईओ अरुण बंसल ने कहा कि यह नई तकनीक यात्रियों के अनुभव को एक नए स्तर पर ले जाएगी। उन्होंने बताया कि कंपनी अपनी इन-हाउस तकनीकों, जैसे एवियो, अदाणी वन एप और एयरपोर्ट-इन-ए-बॉक्स के साथ मिलकर एक कनेक्टेड ईकोसिस्टम तैयार कर रही है, जो संचालन को ज्यादा कुशल और यात्रियों के लिए ज्यादा सुविधाजनक बनाएगा।
फिलहाल अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड देश के 7 हवाई अड्डों का संचालन कर रही है और जल्द ही नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का संचालन भी शुरू करने वाली है। इस साझेदारी से भारत के एयरपोर्ट्स पर डिजिटल परिवर्तन की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है, जिससे यात्रियों को एक ज्यादा स्मार्ट, सहज और व्यक्तिगत यात्रा अनुभव मिलने की उम्मीद है।