AI Detector: मेटा ला रहा है 'एआई डिटेक्टर' फीचर, अब चुटकियों में पहचानें असली और एआई कंटेंट का फर्क
Meta AI Detector Tool:
क्या इंटरनेट पर असली और एआई से बने कंटेंट को पहचानना आपके लिए भी मुश्किल होता है? आपकी इसी उलझन को दूर करने के लिए मेटा एक नए 'एआई डिटेक्टर' टूल की टेस्टिंग कर रहा है। ये फीचर आसानी से बता देगा कि कोई टेक्स्ट, फोटो या वीडियो इंसान ने बनाया है या मशीन ने। इसके साथ ही, इस आर्टिकल में जानिए मेटा के नए एआई प्रोजेक्ट 'Avocado' में क्यों देरी हो रही है।

विस्तार
आजकल इंटरनेट पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का बोलबाला है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जो टेक्स्ट, फोटो या वीडियो आप इंटरनेट पर देख रहे हैं वो किसी इंसान ने बनाया है या फिर किसी एआई टूल ने? आपकी इसी उलझन को दूर करने के लिए दिग्गज टेक कंपनी मेटा एक बेहद काम के फीचर पर काम कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी अपने मेटा एआई प्लेटफॉर्म में एक 'एआई डिटेक्टर' टूल जोड़ने वाली है। इससे चुटकियों में असली और एआई से बने कंटेंट में फर्क पता चल सकेगा। आइए समझते हैं इस नए फीचर से जुड़ी सभी खास बातें क्या हैं।
क्या है मेटा का एआई डिटेक्टर टूल?
हाल ही में रिसर्चर्स ने मेटा एआई के अंदरूनी कोड में एआई डिटेक्टर नाम का एक नया विकल्प खोज निकाला है। इसके मेन्यू के कुछ स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी सामने आए हैं। हालांकि, ये फीचर अभी अपने टेस्टिंग फेज में है और आम यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं है। सामने आए स्क्रीनशॉट में दिखने वाले इस ऑप्शन पर क्लिक करने से फिलहाल कोई पेज नहीं खुलता है। इससे यह बात बिल्कुल साफ हो जाती है कि कंपनी अभी इसकी इंटरनल टेस्टिंग कर रही है और पूरी तरह से तैयार होने के बाद ही इसे सभी के लिए आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया जाएगा।
यह फीचर कैसे काम करेगा?
इस नए टूल का मुख्य काम यह पता लगाना होगा कि कोई कंटेंट ह्यूमन-मेड है या फिर मशीन-मेड। इसकी मदद से यूजर्स बहुत ही आसानी से यह जान पाएंगे कि कोई लेख, मैसेज या पोस्ट चैटजीपीटी जैसे किसी एआई टूल की मदद से तो नहीं लिखा गया है। रिपोर्ट्स की मानें तो यह टूल सिर्फ टेक्स्ट की पहचान तक ही सीमित नहीं रहेगा। बल्कि संभावना है कि आने वाले समय में यह एआई से बनी इमेज, ऑडियो और वीडियो की भी सटीक पहचान कर सकेगा। हालांकि, मेटा ने अभी तक इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है। इसके अलावा, अभी यह भी पूरी तरह से साफ नहीं है कि यह टूल ओपनएआई और गूगल जैसी अन्य कंपनियों के एआई कंटेंट को भी पकड़ पाएगा या फिर यह सिर्फ मेटा के अपने एआई सिस्टम तक ही सीमित रहेगा।
मेटा के नए एआई प्रोजेक्ट 'Avocado' में हो रही देरी
एआई डिटेक्टर के अलावा, मेटा से जुड़ी एक और बड़ी खबर सामने आई है। कंपनी 'Avocado' नाम के एक नए और बहुत बड़े एआई मॉडल पर काम कर रही है, जो भविष्य में मेटा के सभी टूल्स को पावर देगा। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक इस प्रोजेक्ट में लगातार देरी हो रही है। सूत्रों का कहना है कि मार्केट में मौजूद दूसरे दमदार एआई मॉडल्स के मुकाबले 'Avocado' की परफॉर्मेंस अभी उतनी मजबूत नहीं है, इसलिए कंपनी इसे और बेहतर बनाने में समय ले रही है।